पाकिस्तानी गोलाबारी में बलिदान अफसर, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने डॉ. थप्पा स्मृति स्थल का किया उद्घाटन

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को राजोरी जिले में डॉ. राज कुमार थप्पा स्मृति संग्रहालय और पुस्तकालय का उद्घाटन किया। यह संग्रहालय अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त रहे डॉ. राज कुमार थप्पा की स्मृति और उनके योगदान को समर्पित है।
डॉ. थप्पा की मृत्यु पिछले वर्ष 10 मई को पाकिस्तान की ओर से हुई बिना उकसावे की गोलाबारी के दौरान हुई थी, जब एक तोप का गोला उनके आवासीय क्वार्टर पर गिरा था। वे अपनी पत्नी और दो बच्चों को पीछे छोड़ गए। वे 2001 बैच के जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा अधिकारी थे और अपनी ईमानदार व जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे।
उद्घाटन समारोह में उपराज्यपाल ने डॉ. थप्पा की निस्वार्थ सेवा और जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
इस अवसर पर डॉ. थप्पा के जीवन और कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में उनके परिजन, सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. थप्पा को मार्च पिछले वर्ष राजोरी में एडीसी के पद पर तैनात किया गया था जहां उन्होंने बड्डाल गांव में हुई रहस्यमयी मौतों के मामलों के प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई थी। इससे पहले वे कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके थे, जिनमें जम्मू-कश्मीर स्किल डेवलपमेंट मिशन के मिशन निदेशक और श्रम एवं रोजगार विभाग में विशेष सचिव का पद शामिल है।





