पश्चिमी यूपी में सीजन का सबसे घना कोहरा, शून्य हुई दृश्यता, सर्द मौसम ने बढ़ाई लोगों की मुश्किल

पश्चिमी यूपी में मौसम ने फिर एक बार करवट बदल ली है। रविवार को जहां दिन भर मौसम सर्द रहा। वहीं सोमवार सुबह को घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर लोग बेहद कम नजर आए तो हाईवे पर चलने वाले वाहनों को लाइट जलाकर रोड से गुजरना पड़ रहा था। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 5 और 6 फरवरी को बारिश और ओले पड़ने के आसार हैं। 
यूपी के मेरठ में रविवार को दिन में निकली धूप भी शीतलहर के आगे बेअसर साबित हुई। रात करीब दो बजे इतना घना कोहरा पड़ा कि विजिबिलिटी शून्य हो गई। यह इस सीजन का सबसे अधिक कोहरा बताया गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा। पहाड़ों पर पिछले एक सप्ताह से रुक रुककर हो रही बर्फबारी के बीच मैदानी क्षेत्रों में ठिठुरन बनी हुई है।





