पत्नी का मोम का पुतला बनवाकर पति ने किया ग्रह प्रवेश, जानें इसके पीछे का ये बड़ा कारण…

कर्नाटक के एक उद्योगपति ने अपनी दिवंगत पत्नी को अनूठी श्रद्धांजलि दी है. पत्नी की मौत के बाद पति और दोनों बेटियों ने मोम का पुतला बनवाया और फिर साथ में गृह प्रवेश किया. उद्योगपति श्रीनिवास गुप्ता ने कोप्पल में अपना नया घर बनाया है. इस घर के गृह प्रवेश पार्टी के दौरान उन्होंने अपनी स्वर्गीय पत्नी की सिलिकॉन वैक्स की मूर्ति लगवाई है.

साल 2017 में श्रीनिवास गुप्ता की पत्नी माधवी गुप्ता की एक कार दुर्घटना में मौत हो गई थी.
इस घर को बनवाने को लेकर माधवी बहुत उत्साहित थीं. इसलिए माधवी के सम्मान में श्रीनिवास गुप्ता ने माधवी गुप्ता की मोम की मूर्ति बनाकर उसे अपने घर में लगाया है और उनके साथ गृह प्रवेश किया है.
श्रीनिवास गुप्ता ने अपनी पत्नी की मोम की मूर्ति जाने-माने आर्किटेक्ट की मदद से बनवाई है. ये प्रतिमा माधवी की हूबहू प्रतिकृति है, इसमें स्वर्गीय माधवी को एक चटक मैजेंटा साड़ी पहनाई गई है और सोने के गहने पहनाए गए हैं. माधवी की मूर्ति को सोफे पर बैठाया गया है.
अपनी स्वर्गीय पत्नी की मूर्ति लगवाने को लेकर उद्योगपति श्रीनिवास गुप्ता ने कहा कि उनका ये नया घर माधवी का सपनों का घर था. उद्योगपति श्रीनिवास ने बताया कि ये प्रतिमा लगभग एक साल में बनकर तैयार हुई, जिसे बंगलुरू के कलाकार श्रीधर मूर्ति ने तैयार किया है.





