पटना सहित कई इलाकों में हुई आफत की बारिश से अबतक 43 लोगों की मौत…

बिहार के कई जिलों में लगातार हुई आपदा की बारिश से अब तक 43 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, पटना सहित विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटे से बारिश तो रुकी हुई है, लेकिन बादल अभी भी छाए हुए हैं। बारिश रुकने के बाद बाढ़ और बारिश से प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में तेजी आई है।
पटना के राजेंद्र नगर में आज सुबह से 500 लोगों को निकाला गया है। वहीं, अगमकुआं इलाके में जलजमाव होने की वजह से अपने घरों में फंसे रहने को लोग मजबूर हैं। इस इलाके में फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत नहीं पहुंची है। पटना में सबसे ज्यादा पानी राजेंद्र नगर इलाके में लगा हुआ है।
-बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का जायजा लेने भोजपुर पहुंचे प्रभारी सचिव, डीएम, एसपी, डीडीसी के साथ पहुंचे बड़हरा प्रखंड कार्यालय, अधिकारियों के साथ की बैठक।
-बिहटा सरमेरा फोर लेन पर बस गया बाढ़ के कारण उजड़ा पूरा गांव। नालंदा जिले के रहुई प्रखंड का सोनसिकरा गांव पूरी तरह बाढ़ में डूब चुका है। ग्रामीणों ने फोर लेन पर ले रखी है शरण। अब तक शासन की ओर से कोई मदद नहीं पहुंची है।
-पटना के काजीपुर में रोड नंबर 1, 3 और 4 में कई लोग अब भी पानी के बीच फंसे हुए हैं। वहीं, महाराणा प्रताप भवन में कम्युनिटी किचेन की व्यवस्था की गई है।
-पटना में बाढ़ प्रभावित इलाकों में एयर ड्रापिंग से किया गया खाद्य सामग्री का वितरण, स्टेट हैंगर से चलाया जा रहा है अभियान, अन्य प्रभावित जिलों में भी भेजी जा रही है राहत सामग्री।
-अगमकुआं थाना के भागवत नगर में युवक की डूबने से मौत, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
– राजेंद्र नगर में फंसी एक वृद्ध महिला को एनडीआरएफ की टीम ने निकाला है।
– आज सुबह पटना के राजेंद्र नगर में 500 लोगों को निकाला गया।
– सेना के हेलिकॉप्टर अति जल-जमाव वाले राजेंद्र नगर व कंकड़बाग में फूड पैकेट्स गिरा रहे हैं।
-खगड़िया जिले में बाढ़ पीड़ितों ने एनएच-31 किया जाम, राहत सामग्री और मुआवजे की मांग को लेकर जाम किया है। एनएच पर आवागमन बाधित, गाड़ियों की लगी लाइन। मुफ्फसिल थाना के रहीमपुर इलाके की घटना।
-मुंगेर जिले में बाढ़ पीड़ितों ने बरियारपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है। पीड़ित बीच सड़क पर ही बैठ गए हैं।बरियारपुर थाना के बहादुरपुर गांव का मामला।
केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने की बैठक
बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि एनडीआरएफ की 22 टीमों को बिहार में तैनात किया गया है।इनमें से छह टीमें पटना में तैनात हैं। बचाव और राहत कार्यों में दो आईएएफ हेलीकॉप्टर तैनात हैं और साथ ही बिहार सरकार द्वारा खाद्य और पेयजल की आवश्यक आपूर्ति की जा रही है। राज्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली बहाल करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
पटना में जलजमाव से लोग हैं परेशान
उधर, पटना में जलजमाव की स्थिति से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन जलनिकासी की व्यवस्था में लगा है। बिलासपुर से मंगाया गया कोल इंडिया का पंप 24 घंटे से जलनिकासी में लगा हुआ है। जल-जमाव वाले क्षेत्रों लोगों को निकालने का काम भी जारी है। एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमों ने अभी तक 12 हजार से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया है।
.jpg)
बिहार के मुख्य सचिव ने कही ये बात
बिहार के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा है कि मंगलवार से बारिश कम होने की संभावना है। उन्होंने बताया है कि बिहार के भागलपुर और बांका बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। दुर्गम इलाकों में फूड एयर ड्रॉपिंग की जा रही है।
पटना में युद्धस्तर पर राहत कार्य जारी है। NDRF और SDRF की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं। प्रशासन के मुताबिक, बारिश की वजह से घरों में फंसे 12 हजार लोगों को निकाल लिया गया है। प्रभावित इलाकों में एयरफोर्स के चॉपर से फूड पैकेट्स गिराए जा रहे हैं। IAF के 2 चॉपर राहत कार्य में लगाए गए हैं।
.jpg)
पटना में चलने वाले राहत कैंप्स के नंबर …
वैशाली गोलंबर- 8709510920, 9470001277
कांटी फैक्ट्री- 9473460772, 9470001279
मलाही पकड़ी- 8544412367, 8581037051
पाटलिपुत्रा गोलंबर- 8581037051, 8579973195
राजीवनगर,शिवपुरी,पटेलनगर- 7004902561,8544411731
फ्रेंड्स कॉलोनी- 9431842736, 9431624933
धनुष पुल- 9473191199, 7979964603
दिनकर गोलंबर- 8210286544, 9431295882
दिनकर गोलंबर- 9709066981, 9199626949
कंकड़बाग- 6203674823
एसकेपुरी- 9431818402, 9473191565
एनएमसीएच- 9473191202, 8544412368
हनुमान नगर- 9431293805, 7294879100
.jpg)
बारिश से अबतक बिहार में 43 लोगों की मौत
पूरे बिहार में बारिश से अब तक 43 लोगों की मौत की सूचना है। गया जिले में छह लोगों की मौत हुई है, तो वहीं पटना से सटे दानापुर के खगौल में बारिश से चार लोगों की मौत हो गई है।
बिहटा में घर के गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हुई है। वहीं, कैमूर में बारिश से अब तक सात लोगों की जान चली गई है। भागलपुर में दीवार गिरने से छह लोगों की मौत हुई है गया में पानी में डूबने से दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई है। वहीं, बेगूसराय में घर गिरने से एक बच्ची की मौत हुई है। जमुई में बारिश के कारण एक महिला की मौत हो चुकी है तो वहीं सीतामढ़ी में भी मकान गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हुई है।
.jpg)
भोजपुर जिले में भारी बारिश के बीच दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है तो सासाराम के कोचस में मकान गिरने से वृद्ध महिला की मौत हुई है। बांका में दीवार गिरने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हुई है। वहीं, मुंगेर में बाढ़ के पानी में डूबने से महिला की मौत हो गई। दो दिन पहले भागलपुर में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि जहानाबाद में मिट्टी की दीवार गिरने से बच्ची की मौत हुई है। पटना से सटे बाढ़ में दीवार गिरने से एक किशोरी की मौत हुई है। कटिहार में बारिश में झोपड़ी गिरने से वृद्ध महिला की मौत हो गई है।
कई जिलों में थम गई है बारिश, कई जगहों पर आज भी हो सकती है
बिहार में मानसून की बारिश सोमवार को भी अधिकांश क्षेत्रों में जारी रही। हालांकि, पटना व गया में बारिश थमने से लोगों ने राहत महसूस की। चक्रवाती हवा के प्रभाव से अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को बिहार में बादल छाए रहेंगे।
पश्चिम बंगाल के गंगा तटीय क्षेत्र में मानसून के सक्रिय रहने के कारण पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, बिहार में चक्रवाती हवा के कारण तापमान सामान्य से करीब सात डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। पटना का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री और न्यूनतम 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
.jpg)
गया का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री व न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, पूर्णिया का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने कहा-आज भी छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार को बिहार में बादल छाए रहेंगे। गंगा तटीय क्षेत्र और पूर्वी बिहार में कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि पटना, गया, औरंगाबाद, सहित पश्चिम बिहार के जिलों में कुछ जगहों पर छिटपुट बूंदाबांदी होगी।
पटना में रविवार की रात 91.6 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई। गया में 20 मिमी., भागलपुर में 97 मिमी और पूर्णिया में 188.1 मिमी. वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी वर्षापात रिपोर्ट के अनुसार रोसड़ा में 250 मिमी, उदाकिशनगंज में 244 मिमी, बालतारा में 222 मिमी, किशनगंज में 198.4 मिमी, बिहपुर में 174.9 मिमी, कुर्सेला में 168.8 मिमी, परबत्ता में 164.4 मिमी, मुरलीगंज में 154.4 मिमी, मनिहारी में 147.6 मिमी, हसनपुर में 143.4 मिमी, त्रिवेणीगंज में 138 मिमी, कटिहार उत्तरी क्षेत्र में 136.4 मिमी, सिमरी बख्तियारपुर में 131.2 मिमी, गोगरी में 130 मिमी, खगडिय़ा में 128.8 मिमी, फारबिसगंज में 124.2 मिमी, महिसी में 121.8 मिमी, निर्मली में 111.6 मिमी, झंझारपुर में 106.6 मिमी, एकंगरसराय में 105.6 मिमी, अररिया में 98.4 मिमी, बिरपुर में 96.8 मिमी, भीमनगर में 95.4 मिमी, बिक्रम में 92.4 मिमी, मुंगेर में 91.4 मिमी और पटना के आसपास 91 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।





