पटना में निर्भया जैसा कांड, महिला के प्राइवेट पार्ट में डाली रॉड
पटना| पटना में दिल्ली के निर्भया जैसी दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. पटना के नौबतपुर में बुधवार को 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म करने में असफल होने के बाद उसके निजी अंगों में लोहे की रॉड डालने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है. वारदात के बाद महिला को पहले नौबतपुर पीएचसी पर प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया, यहां से पीएमसीएच रेफर किया गया. लेकिन उसकी मौत हो गई थी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नौबतपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 35 वर्षीय महिला बुधवार की देर शाम अपने घर से शौच के लिए बाहर निकली थी, तभी गांव के ही युवक धीरज कुमार (22) ने महिला को अकेला पाकर उससे दुष्कर्म करने की कोशिश की. ऐसा नहीं कर पाने पर वह महिला के निजी अंगों में लोहे की रॉड डालकर फरार हो गया. पुलिस ने उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपराध कबूल लिया है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
इसे भी देखें:- हनीप्रीत ने किया बड़ा खुलासा, जेल से राम रहीम को भगाकर विदेश ले जानें की तैयारी…
वहीं, चिकित्सकों ने कहा कि प्रथम दृष्टया अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की मौत हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अंदरूनी जख्मों का पता चल सकेगा. मृतक महिला के चार छोटे बच्चे हैं और उसका पति मजदूरी का काम करता है.





