पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के बाहर कोरोना के संदिग्ध मरीज की हुई मौत,पर्चा कटवाने में लगे तीन घंटे….

पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (एनएमसीएच) के बाहर बुधवार को कोरोना के संदिग्ध मरीज की मौत हो गई। परिजन गंभीर रूप से बीमार मरीज को लेकर सुबह पटना पहुंचे थे। एक के बाद एक कई हॉस्पिटल के चक्कर काटने के बाद वे एनएमसीएच पहुंचे। यहां पर्चा कटवाने में तीन घंटे लग गए तब तक अस्पताल के गेट के बाहर एक वाहन में पड़े मरीज की सांस थम गई। 

मरीज के साथ आए एक परिजन ने कहा कि हम लोग नालंदा से आए हैं। दस दिन से बिहार शरीफ में इलाज करा रहे थे। इनको सांस लेने में परेशानी थी। मंगलवार से तकलीफ बढ़ गई थी। खांसी हो रही थी और वे बेचैनी महसूस कर रहे थे। 

मंगलवार रात को उन्होंने कहा था कि मुझे पटना ले चलो। इनको लेकर सुबह छह बजे पटना पहुंचे हैं। यहां मरीज को लेकर कई डॉक्टर के पास गए, लेकिन किसी जगह भर्ती नहीं किया गया। कहा गया कि पहले कोरोना की जांच कराकर ले आइए। जांच कराने के लिए गए तो कहा गया कि अभी जांच नहीं होगा। तीन दिन बाद जांच रिपोर्ट मिलेगा। अंत में एक डॉक्टर ने रेफर किया और कहा कि एनएमसीएच चले जाइए। यहां आए, लेकिन पर्चा कटाते-कटाते मरीज की मौत हो गई।

Back to top button