पंजाब किंग्स के तूफान को रोकना रॉयल्स के लिए चुनौती, वैभव सूर्यवंशी फिर मचाएंगे तूफान!

इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) में मंगलवार को पंजाब किंग्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा। पंजाब किंग्स इस समय बेहतरीन लय में है और टीम ने अब तक एक भी मुकाबला नहीं गवांया है।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स पिछला मुकाबला हारकर चंडीगढ़ पहुंची है। पंजाब की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के विरुद्ध रिकॉर्ड 264 रन चेज कर लिया था।
वैभव को रोकना चुनौती
हालांकि, पंजाब के लिए 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोकना बड़ा चुनौती होगा। सूर्यवंशी इस समय शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस सीजन सर्वाधिक 32 छक्के लगाए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के विरुद्ध पिछले मुकाबले में ही वैभव ने महज 36 गेंदों में तूफानी शतक जड़ा था। वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन आठ मैचों में 357 रन बनाए हैं। उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक जड़े हैं।
युवा बल्लेबाज वैभव तेजी से रन बना रहे हैं और मुल्लांपुर की पिच भी उन्हें खूब रास आ सकती है। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी को रोकना पंजाब के गेंदबाजों के लिए आसान नहीं होगा। अगर वैभव एक बार सेट हो गए तो मैच का रुख बदल सकते हैं।
पंजाब की गेंदबाजी मजबूत
हालांकि, पंजाब के पास मजबूत गेंदबाजी अटैक है। अर्शदीप सिंह और मार्को यानसेन टीम के लिए अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। ऐसे में पंजाब की कोशिश वैभव को पावरप्ले में ही आउट करने की होगी।
राजस्थान रॉयल्स का मिडल ऑर्डर चिंता
पंजाब के प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह की जोड़ी कमाल की बल्लेबाजी कर रही है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के सूर्यवंशी और जायसवाल भी खूब रन बना रहे हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के लिए मिडिल आर्डर बड़ी चिंता बनी हुई है। टीम के कप्तान रियान पराग के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं। रियान पराग ने आठ मैचों में महज 88 रन ही बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर 20 रन है।
उनके अलावा शिमरॉन हेटमायर भी फ्लॉप रहे हैं। सात मैचों में उन्होंने में भी महज 72 रन ही बनाए हैं। उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक महज तीन ही छक्के लगाए हैं। वहीं, पंजाब के पास मजबूत मध्यक्रम है। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर अब तक चार अर्धशतक जड़ चुके हैं और कई अहम मौकों पर उन्होंने रन बनाकर टीम को जीत दिलाई है।
पंजाब की नजर प्ले ऑफ पर
पंजाब किंग्स ने सात मैचों में छह जीत हासिल की है जबकि एक मैच ड्रॉ रहा था। ऐसे में टीम 13 अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। पंजाब किंग्स की नजर जीत हासिल कर दो अंक और हासिल करने पर रहेगी, ताकि प्ले ऑफ में अपनी दावेदारी और मजबूत कर सके।
वहीं, राजस्थान रायल्स 10 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। राजस्थान ने आठ मैचों में पांच में जीत हासिल की है जबकि तीन में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्या, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहाल वढेरा, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निशाद, पाइला अविनाश, विष्णु विनोद।
राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, शुभम दुबे, शिमरॉन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, लुआन ड्रे प्रीटोरियस, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जड़ेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, संदीप शर्मा, युद्धवीर सिंह चरक, रवि बिश्नोई, अमन राव पेराला, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन, दासुन शनाका, सुशांत मिश्रा, विग्नेश मिश्रा पुथुर, रवि सिंह, बृजेश शर्मा।





