पंजाबः अकालियों ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की प्रतिमा पर पोती कालिख, लाल पेंट से रंगे हाथ

इस घटना को उस समय अंजाम दिया गया, जब अकाली दल सहित अन्य कई संगठन पूर्व प्रधानमंत्री से भारत रत्न वापस लिए जाने की मांग कर रहे हैं। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि अकाली दल के ये दोनों कार्यकर्ता प्रतिमा पर कालिख पोत रहे हैं। उसके बाद वे देशभक्ति गीत सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है देखना है जोर कितना बाजु-ए-कातिल में है, गाते नजर आए।
दोनों कार्यकर्ता कह रहे हैं कि प्रतिमा पर कालिख पोतकर उन्होंने इसे सही रूप दिया है। 1984 में जो सिख कत्लेआम हुआ था, उसके लिए पूर्व पीएम राजीव गांधी जिम्मेदार हैं। वहीं अकालियों की इस हरकत का पता लगते ही कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पूर्व पीएम की प्रतिमा को साफ किया और अकाली दल के खिलाफ नारेबाजी की। बता दें कि मुद्दे को लेकर इन दिनों पंजाब की राजनीति गरमाई हुई है।





