नोएडा के स्पाइस मॉल के पास से पुलिस ने 4 शातिर लुटेरों को किया गिरफ्तार….

नोएडा के स्पाइस मॉल के पास से पुलिस ने 4 शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से लूटे गए 8 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और दो स्कूटी भी बरामद हुई हैं. ये शातिर स्कूटी पर सवार होकर राह चलते लोगों से मोबाइल, पर्स, बैग और अन्य किमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे. इन अपराधियों पर नोएडा के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं.
इन आरोपियों की पहचान सौरभ, गौरव, आयुष और नानू उर्फ निशांत के रूप में हुई हैं. ये बदमाश राह चलते लोगों से स्कूटी पर सवार होकर मोबाइल,पर्स, बैग जैसी चीजें लूटते थे और फरार हो जाते थे. इन्हें पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
चोरी का माल बेचने के लिए खोल ली थी दुकान
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो ऐसे शातिर चोरों को पकड़ा है जिन्होंने चोरी का माल ठिकाने लगाने के लिए बकायदा दुकान खोल रखी थी. पुलिस के मुताबिक चोरों ने बैट्री की दुकान खोल रखी थी और वे बैट्री की दुकानों को ही टारगेट करते थे.
पुलिस की जांच में पता चला कि पहली बार जब आरोपियों ने एक बैट्री की दुकान में चोरी की तो वो माल को ठिकाने नहीं लगा पा रहे थे. उन्हें डर लग रहा था कि वो पकड़े जा सकते हैं. जिसके बाद चोरों ने मुस्तफाबाद में अपनी बैट्री की दुकान खोली और फिर इलाके की सभी बैट्री की दुकानों में रात के वक्त चोरी करना शुरू कर दिया. लेकिन इनकी करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई. लेकिन पुलिस इन तक नहीं पहुंच पा रही थी. इसी बीच बुधवार को पुलिस को पता चला कि राहुल नाम का एक लड़का चोरी की बाइक पर सवार होकर विजय विहार इलाके में आ रहा है. जब पुलिस ने राहुल को चोरी की बाइक समेत पकड़ा तो उसके पास एक तमंचा भी बरामद हुआ. बाद में पुलिस को पता चला कि राहुल सलमान नाम के एक दूसरे शख्स के साथ बैट्री की दुकान चलाता है. जब पुलिस ने दुकान की छानबीन की और दुकान में रखे 13 बैट्री की रशीद मांगी और डीलर के बारे में पूछा तो सलमान और राहुल दोनो कोई जवाब नहीं दे पाए. पूछताछ में दोनों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में उन दोनो ने 10 से ज्यादा बैट्री की दुकानों में चोरी की है. अब पुलिस ये पता लगा रही है कि जो तमंचा राहुल के पास था वो कहां से आया और ये दोनो सिर्फ बैट्री चोरी करते थे या फिर दूसरी वारदात में भी शामिल थे.





