प्रधानमंत्री बनने की सभी योग्यताएं नीतीश कुमार में: बाबूलाल मरांडी

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में देश का प्रधानमंत्री बनने की सभी योग्यताएं हैं और वह 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा विरोधी खेमे के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बन सकते हैं वहीं दूसरी तरफ नीतीश कुमार ने कहा कि झारखंड का मुख्यमंत्री बनने के लिए बाबूलाल मरांडी सबसे योग्य नेता हैं। बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) की आम सभा की बैठक को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करने के लिए आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार यहां मोरहाबादी मैदान पहुंचे थे।
जवाब में अपने संबोधन में नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भाजपा शासित सभी राज्यों में शराबबंदी करने का आग्रह किया। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास से कहा, ‘इसे प्रतिष्ठा का प्रश्न न बनायें। अपनाइये, करियेगा तो श्रेय मिलेगा। नहीं तो 2019 में बाबूलाल मरांडी जी इसे कर गुजरेंगे और आप लोग हाथ ही मलते रह जाइयेगा।’ नीतीश ने कहा कि पूरे देश में लोग शराबबंदी के पक्ष में गोलबंद हो रहे हैं और विशेषकर महिलाएं शराब के खिलाफ उठ खड़ी हुई हैं जिसे देखते हुए सरकारों को इसके बारे में चिन्तन करना ही होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में सरकारें और अधिकारी यह बताने का प्रयास करते हैं कि शराब या हड़िया यहां की आदिवासी संस्कृति का हिस्सा हैं लेकिन ऐसा नहीं है और इसकी बंदी की मांग स्वयं यहां की महिलाएं कर रही हैं। लिहाजा झारखंड में भी शराबबंदी तत्काल की जानी चाहिए। नीतीश ने कहा कि बिहार में अभी शराबबंदी किये कुछ ही अर्सा बीता है और इसका सकारात्मक प्रभाव समाज में देखने को मिलने लगा है। राज्य में हिंसा, लूट, मार, शराब पीने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं, घरेलू हिंसा आदि की घटनाओं में तेजी से कमी आ रही है और समाज खुशहाल होने लगा है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार समस्त देश के समाज को शराबबंदी कर खुशहाल बनाया जा सकता है। नीतीश ने कहा, ‘मैं आप को बताने आया हूं कि झारखंड में जदयू के कार्यकर्ता मरांडी जी के नेतृत्व में राज्य हित की सभी लड़ाइयों में शामिल होंगे।’ आज की नीतीश और बाबूलाल की मुलाकात से देश में भाज़पा विरोधी खेमे को और ताकत मिली है और झारखंड जैसे राज्य में भाजपा को मरांडी से कड़ी चुनौती मिलने की संभावना है।





