निर्धारित मूल्य पर यूरिया मिलने से किसानों में छाई खुशी

सिद्धार्थनगर। बर्डपुर ब्लाक क्षेत्र में आये दिन यूरिया के बिक्री की कालाबाज़ारी एवं यूरिया की किल्लत को लेकर लगातार हताश हो रहे किसानों को निर्धारित मूल्य पर यादव ट्रेडिंग कम्पनी पर यूरिया मिलने से मंगलवार को किसानों को बड़ी राहत मिली।
किसानों को बर्डपुर स्थित यादव ट्रेडिंग कम्पनी पर 45 किलो की बोरी शासन द्वारा निर्धारित मूल्य रुपये 266.50 में बिक्री की गई।
बताते चलें कि मंगलवार को सुबह से यादव ट्रेडिंग कम्पनी पर यूरिया आने की खबर सुनते ही पूरे क्षेत्र के किसान यूरिया लेने के लिए टूट पड़े। ज्यादा भीड़ को देखते हुए दुकानदार ने भीड़ को लाइन में लगाकर बारी बारी से किसानों को यूरिया उपलब्ध कराया। इससे पूर्व क्षेत्र में यूरिया की भारी किल्लत से किसानों का सपना टूटता दिख रहा था। लेकिन निर्धारित मूल्य पर आसानी से यूरिया मिलने पर किसानों को भारी खुशी हुई। इस सम्बंध मे यादव ट्रेंडिंग कम्पनी के प्रोपराइटर ओम प्रकाश यादव ने बताया कि होल सेल में मुझे निर्धारित मूल्य पर मिला है। इसलिए किसानों को शासन द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही यूरिया को उपलब्ध कराया जा रहा है। किसानों को निर्धारित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराए जाने से जँहा हमे खुशी हो रही है वही किसान भी बहुत खुश हैं।





