निर्णायक मैच में रोहित शर्मा पर रहेंगी नजरें, भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे रविवार को

भारतीय टीम इंग्लैंड के विरुद्ध निर्णायक तीसरे वनडे मुकाबले के लिए जब रविवार को लॉर्ड्स पर उतरेगी तो समूचे क्रिकेट जगत की नजरें हिटमैन रोहित शर्मा पर लगी होंगी। तमाम अटकलों के बीच बीसीसीआई ने साफ तौर पर कहा है कि यह रोहित के करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं होगा, लेकिन पहले दो मैचों में नाकाम रहे भारत के पूर्व कप्तान खुद को साबित जरूर करना चाहेंगे।

सीरीज में नहीं चला रोहित का बल्ला

फ्रंटफुट पर बेहतरीन पूल शॉट खेलने और स्पिनरों को मैदान के चारों ओर खेलने वाले रोहित इस सीरीज में उस लय में नहीं दिखे जिससे इन अटकलों को बल मिला कि 39 वर्ष का यह दिग्गज अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाला वनडे विश्व कप नहीं खेल सकेगा। कार्डिफ की कठिन पिच पर रोहित ने नौ डॉट गेंदें खेली जिसके बाद आउट हो गए।

रोहित रन बनाना चाहेंगे

क्रिकेट का घर कहे जाने वाले लॉर्ड्स पर बल्लेबाजों की मददगार पिच पर शायद उन्हें लय हासिल करने में मदद मिले। बतौर कप्तान रोहित ने मोर्चे से अगुआई करते हुए हमेशा पावरप्ले में जोखिम भरे शॉट्स खेले हैं।
उनके प्रशंसक रविवार को उसी रोहित को देखना चाहते हैं। पहले दस ओवर में उन्हें जोफ्रा आर्चर की तूफानी गेंदों का सामना करना होगा। कप्तान शुभमन गिल भी बड़ी पारी खेलना चाहेंगे जो सोफिया गार्डंस पर आसानी से आउट हो गए थे।

कोहली का शानदार प्रदर्शन जारी

विराट कोहली का शानदार फॉर्म बरकरार है। वह गुरुवार को शतक की ओर बढ़ रहे थे लेकिन आर्चर की गेंद पर आउट हो गए जिसके बाद भारत का मध्यक्रम ढह गया और टीम को पराजय का सामना करना पड़ा। अब भारतीय टीम उससे सबक लेकर उतरेगी।
वहीं, केएल राहुल की जगह उतरे ईशान किशन शार्ट गेंद पर विकेट गंवा बैठे। उछलती गेंदों के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी जाहिर हो गई। श्रेयस अय्यर ने मध्यक्रम में अच्छा खेला और आदिल रशीद के साथ स्पिनरों का बखूबी सामना किया।

कुलदीप को मिल सकता है मौका

गेंदबाजी में कुलदीप यादव को उतारा जा सकता है, क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हैं। उनकी जगह हर्ष दुबे को टीम इंडिया की वनडे टीम में शामिल किया गया है। रवींद्र जडेजा की गैर मौजूदगी में अक्षर पटेल ने स्पिन हरफनमौला का काम अच्छे से किया है। भारतीय गेंदबाजों को जो रूट के बल्ले पर अंकुश लगाना होगा जो कोहली की तरह रन बनाए जा रहे हैं। रूट के अलावा इंग्लैंड के बाकी बल्लेबाजों ने कुछ खास नहीं किया है।

भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, हर्ष दुबे।

इंग्लैंड टीम

हैरी ब्रूक (कप्तान), बेन डकेट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जो रूट, जैकब बेथेल, विल जैक्स, रेहान अहमद, लियाम डासन, जेम्स कोल्स, सैम करन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोस टंग, साकिब महमूद, आदिल राशिद।

Back to top button