नवादा: पोस्टर लगा बीजेपी विधायक अनिल सिंह को कहा गद्दार

  • नवादा। नवादा में कई जगह बीजेपी विधायक अनिल सिंह के खिलाफ पोस्टर लगाया गया है। पोस्टर में लिखा है- मैं अनिल सिंह गद्दार हूं। इस संबंध में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जिसने भी पोस्टर लगाया वह बीजेपी का दुश्मन है।
    नवादा: पोस्टर लगा बीजेपी विधायक अनिल सिंह को कहा गद्दार
     
    हिसुआ के भाजपा विधायक अनिल सिंह को मंत्री बनाए जाने की मांग सोशल मीडिया में ट्रेंड कर रहा था। इसी बीच शनिवार को हिसुआ के भाजपा विधायक अनिल सिंह के खिलाफ पोस्टर वार शुरू हो गया है। शनिवार की सुबह नवादा नगर के चौक-चौराहे पर यह पोस्टर चिपका मिला है। इस पोस्टर में अनिल सिंह के बारे में अभद्र बातें लिखी गई हैं। इस बात को लेकर अनिल सिंह के समर्थकों में नाराजगी है। 

    ये भी पढ़े: कार हमले पर राहुल बड़ा बयान, बोले- मेरी कार पर हमला BJP और RSS के लोगों ने किया

    दिलचस्प बात यह है कि पोस्टर के निवेदक में भाजपा जिला इकाई, नवादा का जिक्र है। पोस्टर में अनिल सिंह की तुलना जयचंद और मान सिंह से की गई है। इस पोस्टर में अनिल सिंह के बारे में चार प्वाइंट का जिक्र है-
     
    – मैं वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी भाजपा से गद्दारी की।
    – मैं वर्ष 2015 विधान परिषद चुनाव में अपनी पार्टी भाजपा से गद्दारी की।
    – मैं वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में गिरिराज सिंह द्वारा मुझे टिकट दिलवाने के बाद उनसे गद्दारी की।
    – भाजपा में सुशील मोदी ने मुझे स्थापित किया, जिसको मैं रोज गाली देकर गद्दारी करता हूं। मुझसे बड़ा पार्टी में गद्दार. और …. होने के बावजूद मुझे पार्टी में मंत्री पद क्यों नही दिया।
     
    मैं गद्दार तो मुझसे बड़े गद्दार मंत्री हैं: अनिल सिंह
    अनिल सिंह ने पोस्टर के बारे में कहा कि मैं गद्दार हूं तो मुझसे बड़ा गद्दार मंत्री (केन्द्रीय लधु सूक्ष्म राज्य मंत्री गिरिराज सिंह) हैं। उन्होंने कहा कि 2015 के चुनाव में गद्दारी का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन उस चुनाव में उनके अलावा मंत्री का भी निर्णय था कि जो भाजपा का आदमी नहीं है उसे मदद नहीं किया जाएगा।
     
    उन्होंने कहा कि इस पोस्टर में गिरिराज सिंह का नाम आना चाहिए था, लेकिन गिरिराज सिंह के सांसद प्रतिनिधि बिटटू शर्मा के जरिए मुझे अपमानित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि 2009 में भाजपा के नेताओं ने घर का बेटा, घर का नेता की बात तय हुई थी, लेकिन जब बाहरी व्यक्ति को टिकट दे दिया गया तब उनके समक्ष चुप रहने के सिवा कोई चारा नहीं बचा था। सुशील मोदी के बारे में भी गलत टिप्पणी की गई। यह फिरंगियों की साजिश है। दूसरी तरफ, सांसद प्रतिनिधि बिट्टू शर्मा ने कहा कि उनका इस पोस्टर से कोई लेना देना नहीं है।
     
    जिसने भी पोस्टर लगाया वह भाजपा का दुश्मन: गिरिराज सिंह
     
    केन्द्रीय लघु सूक्ष्म और मध्यम उद्योग राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस किसी ने यह पोस्टर लगाया है वह भाजपा का दुश्मन है। अनिल सिंह उनके छोटे भाई के समान हैं। उनके साथ अच्छे संबंध रहे हैं। कुछ लोगों दोनों के बीच दूरियां पैदा करने के लिए ऐसा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले उनके खिलाफ बरवीघा और नवादा में पोस्टर लगाया गया था तब भी मैंने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की थी। उन्हें जब जानकारी मिली तब भाजपा जिलाध्यक्ष को पोस्टर हटाने के लिए कहा। गिरिराज ने कहा कि ईश्वर साक्षी हैं, मुझे इस पोस्टर से कोई लेना देना नहीं है। सरकार और पार्टी ने मुझे बड़ा दायित्व दिया है, मुझे इससे क्या फायदा मिलेगा।
     
    भाजपा जिला इकाई ऐसा क्यों करेगीः शशि भूषण
     
    भाजपा के जिलाध्यक्ष शशिभूषण कुमार बब्लू ने कहा कि भाजपा जिला इकाई ऐसा क्यों करेगी। किसी की साजिश है, जो भाजपा में गुटबाजी पैदा करना चाहते हैं। भाजपा के सभी नेता मेरे लिए सम्मानित हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री जी को जब यह बात जानकारी हुई तब उन्होंने मुझे कहा कि अविलंब उस पोस्टर को हटा दिया जाय। उसके बाद मैंने खुद कई जगहों से पोस्टर हटाया है।गौरतलब हो कि शनिवार को अनिल सिंह को मंत्री नही बनाए जाने के सवाल पर बरेव में भाजपा की एक बैठक आयोजित की गई है। लेकिन बैठक शुरू होने के पहले यह पोस्टर वार चकित कर दिया है। हालांकि नवादा संसदीय क्षेत्र में पोस्टर वार की यह पहली घटना नही है। एक साल पहले नवादा और बरवीघा में केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ पोस्टर चिपकाया जा चुका है। अब इस पोस्टर के सूत्रधार कौन है। यह सामने आना बाकी है।
     
     
     
Back to top button