श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी, आलमबाग और कैसरबाग रोडवेज ने श्रद्धालुओं के लिए शुरू की साधारण बस सेवा

नवरात्र पर माता के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। परिवहन निगम प्रशासन ने पूर्णागिरि और विंध्याचल के लिए रविवार से अलग-अलग स्टेशनों से बस सेवाएं शुरू की हैं। कैसरबाग से रोडवेज ने श्रद्धालुओं के लिए साधारण सेवा शुरू की है। यह बस सुबह साढ़े आठ बजे चलेगी। लखनऊ से चलकर सिधौली, सीतापुर, बरेली होते हुए टनकपुर तक जाएगी। टनकपुर से दूसरे दिन सुबह साढ़े चार बजे लखनऊ के लिए बस प्रस्थान करेगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक श्वेता सिंह ने बताया कि इसका किराया प्रति यात्री 386 रुपया तय किया गया है।
विंध्याचल के लिए एसी जनरथ आलमबाग से
इसी तरह माता विंध्यवासिनी के दरबार में माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं के लिए जनरथ एसी बस आलमबाग टर्मिनल से रोजाना रात ग्यारह बजे रवाना होगी। सुबह छह बजे विंध्याचल व साढ़े छह बजे मिर्जापुर पहुंचेगी। लखनऊ से विंध्याचल की दूरी करीब 297 किलोमीटर है। इसके लिए यात्रियों को प्रति यात्री 423 रुपये किराया देना होगा। वापसी में मिर्जापुर से सुबह दस बजे बस चलकर वाया विंध्याचल शाम छह बजे आलमबाग टर्मिनल पहुंचेगी। यही नहीं, लखनऊ से मिर्जापुर के बीच अब दो एसी जनरथ बस सेवाएं संचालित हो रही हैं।





