देश में आज से शुरू कोरोना वायरस का Human trial, इतने दिनों का लगेगा समय

नई दिल्ली। भारत देश के साथ-साथ पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस के कहर से जूझ रही है। जहां एक तरफ पूरी दुनिया में एक करोड़ 46 लाख लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं वहीं दूसरी तरफ भारत में ये आंकड़ा 11 लाख से भी ऊपर जा चुका है। माना अब यही जा रहा है कि इस वैश्विक महामारी का इलाज अब वैक्सीन से ही संभव होगा, ऐसे में पूरी दुनिया कोरोना की वैक्सीन बनाने की होड़ में लगी हुई है। बता दें कि इस होड़ में भारत भी शामिल है।
माना जा रहा है कि कोरोना महामारी के इलाज को खोजने को लेकर आज का दिन भारत के लिए सबसे बड़ा दिन बन सकता है। दरअसल आज से भारत की स्वदेशी वैकसीन Covaxin का ह्यूमन ट्रायल शुरू होने जा रहा है। आपाको बता दें कि Covaxin के पहले और दूसरे चरण के क्लीनिकल टेस्ट की अनुमति दी जा चुकी है और पिछले हफ्ते से इसका इंसानों पर टेस्ट शुरू हो चुका है। आइसीएमआर और भारत बायोटेक इंटरनेशनल लिमिटेड मिलकर Covaxin बना रही है और आज से इसका ह्यूमन ट्राइल दिल्ली के एम्स में शुरू हो जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, Covaxin का ह्यूमन टेस्ट दिल्ली एम्स के साथ साथ देश के कुल 12 सेंटर्स पर भी हो रहा है। पहले चरण में कुल 375 वॉलंटियर पर ट्रायल होगा, जिसमें से 100 लोगों का टेस्ट दिल्ली के एम्स में होगा। सिर्फ 18 से 55 साल के उम्र के लोग ही ट्रायल में शामिल हो सकेंगे। बता दें कि जिस शख्स पर कोरोना वैक्सीन का ट्रायल होगा पहले उसका कोविड टेस्ट किया जाएगा। खून, लीवर, बीपी और किडनी समेत तमाम टेस्ट में स्वस्थ पाए जाने वाले को ही वैक्सीन की डोज दी जाएगी।
देश के टॉप हेल्थ एक्सपर्ट्स को Covaxin से बहुत उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि जल्द से जल्द ये वैक्सीन मार्केट में आ जाएगी और दुनिया भर में चल रही वैक्सीन रेस में भारत नंबर 1 साबित होगा। बहरहाल Covaxin को कोरोना का सबसे भरोसमंद टीका बनने से पहले कई परीक्षाओं को पास करना होगा।
बहरहाल वैक्सीन का ट्रायल दो चरणों में होगा। पहले और दूसरे चरण को पूरा होने में 90 दिनों का वक्त लगेगा। पहले ह्यूमन ट्रायल के पूरा होने में एक महीना लगेगा, फिर ट्रायल के नतीजों को ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया के पास भेजा जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण के लिए परमिशन मिलेगी। यानी इस पूरे ट्रायल प्रक्रिया में कम से कम 90 दिनों का वक्त लग सकता है।
आपको बता दें कि देश में इस समय कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सात टीके विकसित किये जा रहे हैं जिनमें से Covaxin और जायडस कैडिला की जाइकोव डी को ह्यूमन क्लीनिकल ट्रायल शुरू करने की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा सीरम इंस्टीट्यूट, पैनेशिया बायोटेक, इंडियन इम्यूनोलॉजिक्स, मायनवैक्स, बायोलॉजिकल ई भी कोरोना वैक्सीन बनाने की रेस में शामिल हैं।





