देश भर में पटाखों पर लग सकता है बैन, SC ने केंद्र सरकार को नोटिस भेज मांगा जवाब

नई दिल्ली.दिल्ली में बैन करने के बाद सुप्रीम कोर्ट देशभर में पटाखों पर प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। एक याचिका पर केंद्र को नोटिस जारी कर चार हफ्तों के भीतर जवाब देने को कहा है। जस्टिस एके सिकरी व अशोक भूषण की बेंच अर्जुन गोपाल नाम के बच्चे द्वारा लगाई गई याचिका पर सुनवाई कर रही थी। कोर्ट ने केंद्र और राज्यों से चार हफ्तों में मांगा है जवाब…
ये भी पढ़ें: 8 राउंड फायर कर माफिया मुन्ना बजरंगी के करीबी ठेकेदार की हत्या, इन पर है शक
याचिका में वायु प्रदूषण रोकने के लिए कई कदम उठाने की मांग की गई है। इसमें देशभर में पटाखों की बिक्री, इन्हें रखने और फोड़ने पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी शामिल है। बच्चे की ओर से प्रतिनिधित्व वकील गोपाल शंकर नारायण कर रहे हैं। याचिका में इसी के साथ पर्यावरण के अनुकूल, स्वच्छ ईंधन और कंस्ट्रक्शन जैसी गतिविधियों से होने वाली धूल पर बने नियमों को लागू करने की मांग भी की गई है। याचिका में पराली जलाने की समस्या के समाधान तलाशने का मसला भी उठाया गया है। यह दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का बड़ा स्रोत है। इस पर बेंच ने केंद्र और दिल्ली समेत कुछ राज्यों को भी नोटिस जारी कर चार हफ्तों में जवाब मांगा है। उल्लेखनीय है कि शीर्ष कोर्ट ने इस साल 9 अक्टूबर के अपने फैसले में दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के दौरान एक नवंबर तक पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया था.





