देश की सबसे अमीर महिला के छोटे बेटे की कंपनी ने जारी किए तिमाही नतीजे, खूब कमाया मुनाफा

भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल के बेटे नवीन जिंदल की कंपनी जिंदल स्टील ने तिमाही नतीजे (Jindal Steel Q4 Result) जारी कर दिए। कंपनी ने जनवरी-मार्च तिमाही में 1045 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। पिछले साल इसी तिमाही में जिंदल स्टील को 339 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी ने अपने निवेशकों को डिविडेंड (Jindal Steel Announced Dividend) देने की भी घोषणा की है।
मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में जिंदल स्टील की बिक्री 23.02% बढ़कर 16217.93 करोड़ रुपये हो गई, जबकि मार्च 2025 को समाप्त पिछली तिमाही में यह 13183.13 करोड़ रुपये थी। 30 अप्रैल को, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर जिंदल स्टील के शेयर 0.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,223.10 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुए।
निवेशकों को मिलेगा हर शेयर पर 2 रुपये का डिविडेंड
कंपनी के बोर्ड ने FY26 के लिए प्रति शेयर 2 रुपये का फाइनल डिविडेंड घोषित किया। बोर्ड ने 200% का अंतिम लाभांश देने की सिफारिश की है, जो ₹1 अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹2 के बराबर है। यह आगामी वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन होगा।
इस तिमाही की कमाई पर आयातित फ्लैट स्टील की कुछ ग्रेड पर सेफगार्ड ड्यूटी लगाने का सकारात्मक असर पड़ा, जिससे कंपनी के उत्पादों को कीमतों के मामले में सहारा मिला।
कंपनी का प्रोडक्शन बढ़ा
कंपनी का मुनाफे में लौटना, ओडिशा के अंगुल में चल रहे कंपनी के अहम विस्तार प्रोजेक्ट के पूरा होने और पूरी तरह से चालू होने के साथ मेल खाता है। इस प्रोजेक्ट से प्लांट की क्षमता दोगुनी होकर 12 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) हो गई है, जिससे कंपनी की कुल क्रूड स्टील क्षमता बढ़कर 15.6 MTPA हो गई है।
इस तिमाही में बिक्री पिछले तिमाही के मुकाबले 15 प्रतिशत बढ़कर 2.62 मिलियन टन हो गई, जबकि इस दौरान उत्पादन भी बढ़कर 2.65 मिलियन टन हो गया, जो Q3 के मुकाबले 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी है।
जिंदल स्टील ने कहा, “वित्त वर्ष 26 के दौरान अपना अब तक का सबसे ज्यादा उत्पादन और बिक्री दर्ज की है। उत्पादन 14% बढ़कर 9.25 MT हो गया, जबकि बिक्री सालाना आधार पर 9% बढ़कर 8.68 MT हो गई।”





