दिल टूटने पर क्या करती हैं अनन्या पांडे? एक्ट्रेस ने बताया हार्टब्रेक से उबरने का अपना सीक्रेट

प्यार का एहसास जितना खूबसूरत होता है, उतना ही गहरा और तकलीफदेह दिल टूटने का दर्द होता है। ब्रेकअप का दौर हर किसी के लिए मुश्किल भर होता है और इसलिए इस दर्द से बाहर निकलने के लिए लोग अलग-अलग तरीके अपनाते हैं।
कोई दोस्तों के साथ समय बिताता है, तो कोई अकेले रहकर अपना मन हल्का करता है। मेंटल हेल्थ और इमोशनल हीलिंग के नजरिए से देखें, तो इस दर्द से उबरने का कोई एक ‘परफेक्ट फॉर्मूला’ नहीं है। हाल ही में, बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने भी दिल टूटने के बाद अपनी हीलिंग प्रोसेस के बारे में खुलकर बात की।
अरिजीत के गाने और आइसक्रीम
जब दिल टूटता है, तो रातों-रात खुद को संभालना बहुत मुश्किल लगता है। ऐसे में एक इवेंट के दौरान जब अनन्या से पूछा गया कि वह हार्टब्रेक से कैसे डील करती हैं, तो उनका जवाब बिल्कुल एक आम इंसान जैसा ही था। उन्होंने बिना किसी झिझक से खुलकर बताया कि ऐसे समय में वह कम्फर्ट फूड का सहारा लेती हैं।
एक्ट्रेस ने कहा कि उदासी के पलों में वह रोती हैं, खूब सारी आइसक्रीम एन्जॉय करती हैं और अरिजीत सिंह के दर्द भरे गाने सुनती हैं। कुछ समय तक इस प्रोसेस से गुजरने के बाद वह धीरे-धीरे सब भूलकर आगे बढ़ जाती हैं। मनोविज्ञान भी यही कहता है कि अपने दुख को जबरन दबाने के बजाय, उसे पूरी तरह महसूस करना हीलिंग का पहला और सबसे जरूरी कदम है।
खुद को कमतर आंकना है सबसे बड़ी गलती
बातचीत के दौरान एक्ट्रेस ने खुद की अहमियत को लेकर भी अपने विचार रखें। उन्होंने बताया कि अपने पुराने रिश्तों में वह अक्सर अपने पार्टनर को खुद से ज्यादा अहमियत देती थीं। वह चाहती थीं कि उनके रिश्ते में उनका पार्टनर हमेशा उनसे ज्यादा बेहतर दिखे। इस कोशिश में, वह खुद को बहुत छोटा महसूस करने लगी थीं और सामने वाले के हिसाब से अपनी पूरी पर्सनैलिटी बदल लेती थीं।
खुद से प्यार करना जरूरी
रिश्तों को लेकर एक्ट्रेस की यह समझ आज के अनहेल्दी रिलेशनशिप्स की एक कड़वी सच्चाई है। यह बात हम सभी पर लागू होती है कि किसी भी इंसान को यह हक नहीं देना चाहिए कि वह आपको इस हद तक बदल दे कि आपका आत्मविश्वास ही खत्म हो जाए। हालात चाहे जैसे भी हो, खुद से प्यार करना कभी नहीं भूलना चाहिए।





