दिल्ली में घुसे लश्कर और हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी, जानिए कौन निशाने पर

नई दिल्ली/बेंगलुरु। गणतंत्र दिवस से पहले इंटेलिजेंस एजेंसियों ने देश की राजधानी दिल्ली और कर्नाटक की राजधानी बेेंगलुरु में बड़े आतंकी हमले की आशंका जताई है। खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिला है कि दिल्ली और बेंगलुरु के भीड़ बाजारों और इलेक्ट्रॉनिक्स आइट्म के बाजारों में यह हमला हो सकता है। यह अलर्ट ऐसे समय में आया है कि जब दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में सिर्फ चार दिन शेष हैं।
दिल्ली में घुसे लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकी
खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में कुछ आतंकियों के घुसने की आशंका जताई है। इनपुट मिला है कि इन आतंकियों की संख्या 5 से 6 हो सकती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक ये सभी आतंकी लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिद्दीन के हैं। शक है कि इनके पास कुछ विस्फोटक सामग्री भी हो सकती है और ये दिल्ली और इसके आसपास किसी बड़ी आतंकी फिदायीन (आत्मघाती) हमले कर सकते हैं। आइबी के इनपुट के बाद दिल्ली पुलिस ने लोगों से भी गुजारिश की है कि आवश्यक नहीं हो तो भीड़भाड़ भरे बाजारों में जानें से बचें। खासकर चांदनी चौक जैसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें।
दिल्ली व बेंगलुरु के भीड़ भरे बाजारों में चौकसी तेज
आतंकियों के घुसने का इनपुट मिलने के बाद दिल्ली के भीड़भाड़ वाले स्थानों और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इतना ही नहीं, बस अड्डा आइएसबीटी, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अलर्ट घोषित किया गया है।
ये भी पढ़े :- विकास पदयात्रा के दौरान गुटों में बंटी सपा, कलेक्ट्रेट पर हुई धक्का-मुक्की
मंदिर, मस्जिद और मॉल्स में खास सुरक्षा
किसी तरह का जोखिम नहीं उठाते हुए बेंगलुरु और दिल्ली के मॉल्स, मल्टीप्लेक्स और मंदिरों-मस्जिदो में भी सुरक्षा बढ़ा दिया गया है। मॉल प्रबंधकों, मंदिर व मस्जिद की कार्यकारिणी के सदस्यों को भी खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर
दिल्ली के 15 जिलों के डीसीपी को निर्देश दिए गए हैं कि 26 जनवरी तक हर रात इलाकों में अधिक से अधिक गश्त की जाए। एसएचओ और अन्य लोकल पुलिसकर्मी भी चौकसी पर अधिक ध्यान दें।
खुफिया सूत्रों ने किया है आगाह
खुफिया सूत्रों ने आगाह किया है कि गणतंत्र दिवस के दौरान कुछ आतंकी संगठन दहशत फैलाने वाली गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं। वे दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजार सहित मेट्रो स्टेशन, एयरपोर्ट अथवा धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे हैं। इस सूचना के बाद दिल्ली को अलर्ट पर रखा गया है।
एयरपोर्ट पर है खास सुरक्षा
एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। यहां क्यूआरटी लगातार गश्त कर रही है जबकि सिटी साइड में अतिरिक्त कमांडो तैनात किए गए हैं। विस्फोटक व संदिग्ध चीजों की पहचान के लिए डॉग स्क्वायड सक्रिय है। मेट्रो पर हर पल नजर मेट्रो की सुरक्षा में वहां तैनात छह हजार सुरक्षा कर्मियों के अलावे चार अतिरिक्त कंपनिया लगाई गई हैं। सुरक्षा के तहत यात्रियों की दोबारा जांच के अलावा मशीन के बाद सामान की मैनुअली जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। पार्किंग स्थलों की जांच के निर्देश पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने इलाके में सभी पार्किंग स्थलों की नियमित जांच करें। होटलों व गेस्ट हाउसों में ठहरने वालों पर नजर रखें। पुलिस सत्यापन में कोताही न बरतें।





