दिल्ली: केबल-पाइपलाइन बिछाने वाली एजेंसियां बिठाएंगी तालमेल

दिल्ली की सड़कों को बार-बार खोदने और लंबे समय तक खराब छोड़ने पर रोक लगेगी। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सख्ती दिखाते हुए सड़क काटने और रखरखाव करने वाली एजेंसियों के साथ काम करने का निर्देश दिया है। ताकि एक ही सड़क को अलग-अलग कामों के लिए बार-बार न खोदा जाए। 

एलजी ने कहा कि सड़कों और इलाकों की साफ-सफाई ऐसी होनी चाहिए, जिसका असर रोजाना जमीन पर दिखाई दे। एलजी ने एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार के साथ सोमवार को राजधानी में निगम से जुड़े काम की प्राथमिकताओं की समीक्षा की। बैठक में सड़कों की बार-बार कटिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठा। उन्होंने निर्देश दिया कि केबल, पाइपलाइन या दूसरी सुविधाएं बिछाने वाली एजेंसियां सड़क के रखरखाव वाले विभागों के साथ पहले से तालमेल करें। इससे एक ही हिस्से को बार-बार खोदने की स्थिति पर रोक लग सकेगी।

कूड़ा जमा हुआ तो अफसर होंगे जवाबदेह : घरों और व्यावसायिक इलाकों से नियमित कूड़ा उठाने पर भी जोर दिया गया। एलजी ने कहा कि कूड़ा जमा होने के बाद विशेष अभियान चलाने के बजाय रोजाना सफाई व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। सड़क और गलियों की सफाई किसी निरीक्षण या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। 

खुदाई के बाद सड़क की तुरंत मरम्मत
एलजी ने कहा कि सड़क काटने के बाद उसकी बहाली तय मानकों के मुताबिक और समय पर होनी चाहिए। बार-बार खुदाई और खराब मरम्मत से सड़क की गुणवत्ता और टिकाऊपन प्रभावित होता है और इसका सीधा असर वाहन चालकों और पैदल चलने वालों पर पड़ता है। अवैध निर्माण पर कार्रवाई बढ़ाएं एजेंसियां : अवैध और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। एलजी ने स्पष्ट किया कि उल्लंघनों पर सख्त और समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि अवैध निर्माण को सामान्य स्थिति न बनने दिया जाए।

Back to top button