दिल्ली: किसानों से सीएम ने एमएसपी और सोलर खेती का किया वादा

किसानों की समस्याओं और खेती से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री जनसेवा सदन में किसानों ने एमएसपी पर गेहूं खरीद फिर शुरू करने और खेतों में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसे फैसलों की सराहना की। देरी से योजना लागू होने के कारण इस बार ज्यादातर किसान एमएसपी का लाभ नहीं ले पाए, लेकिन अगली फसल का लाभ इनको मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने जनसेवा सदन में किसानों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर खेती, गांवों और किसान हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में किसानों ने अपनी समस्याएं, खेती में आ रही दिक्कतें और जरूरी मांगें सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान हित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।

किसानों की आय बढ़ने में मिलेगी मदद : 
किसान प्रतिनिधियों ने दिल्ली सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद दोबारा शुरू करने के फैसले का स्वागत किया। इसके साथ ही खेतों में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल को भी किसानों ने सकारात्मक कदम बताया। किसानों का कहना था कि इससे खेती की लागत कम करने और आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी के बताए रास्ते पर सरकार : रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार किसान कल्याण, कृषि को मजबूत बनाने और गांवों के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों से जुड़े फैसलों को प्राथमिकता दी जाएगी।

Back to top button