दिग्विजय चौटाला हरियाणवी डांसर व गायिका सपना चौधरी पर टिप्‍पणी कर बुरी तरह गए फंस…

जननायक जनता पार्टी के नेता व इनसो के अध्‍यक्ष दिग्विजय चौटाला हरियाणा डांसर सपना चौधरी के बारे में आपत्तिजनक टिप्‍पणी कर बुरी तरह फंस गए हैं। हाल ही में भाजपा में शामिल हुईं सपना चौधरी के बारे में टिप्‍पणी के लिए महिला आयोग ने दिग्विजय को नोटिस जारी किया है।     

हरियाणा महिला आयोग ने दिग्विजय चौटाला के विवादित बयान पर बुधवार को संज्ञान लिया। इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने सपना चौधरी के भाजपा में शामिल होने पर विवादित बयान दे दिया था। दिग्विजय ने कथित तौर पर कहा था कि सपना अब ठुमके लगाकर भाजपा को वोट दिलाएगी। इसके बाद महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए  दिग्विजय चौटाला को महिला अपमान का नोटिस किया।

हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन प्रीति भारद्वाज ने कहा दिग्विजय को नोटिस जारी कर पूरे मामले में तीन दिन दिन में स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। प्रीति भारद्वाज ने कहा इस तरह का बयान देकर दिग्विजय चौटाला ने महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। आयोग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि दिग्विजय चौटाला ने जवाब नहीं दिया तो पूरे मामले में एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।

प्रीति भारद्वाज ने कहा कि कोई भी राजनेता या आम व्यक्ति अगर किसी भी महिला व उसके काम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जानकारों का कहना है कि डांसर सपना चौधरी को लेकर पहले भी कई पार्टियों के नेताओं के अमर्यादित बयान आते रहे हैं, लेकिन यह पहला मौका है कि महिला आयोग ने यह कदम उठाया है।

Back to top button