दंपती के हाथ-पैर बांधे, रॉड से पीटा, जेवर-नकदी ले उड़े डकैत

लखनऊ के पीजीआई के साउथ सिटी इलाके में सोमवार देर रात लोहे की रॉड और डंडों से लैस छह बदमाशों ने एचएएल के सुपरवाइजर देवेंद्र सिंह नेगी के घर पर धावा बोलकर लूटपाट की। रात करीब एक बजे खिड़की काटकर भीतर घुसे बदमाशों ने देवेंद्र व उनकी पत्नी साधना के हाथ-पैर बांध दिए।
दंपती के हाथ-पैर बांधे, रॉड से पीटा, जेवर-नकदी ले उड़े डकैत
जेवर और कैश के बारे में जानकारी मांगते हुए दोनों को बेरहमी से पीटा और देवेंद्र को बेडरूम व साधना को बाथरूम में बंद कर दिया। इसके बाद डकैतों ने घर के कोने-कोने की तलाशी ली। दो लाख रुपये के जेवर व 50000 रुपये नकद समेटकर डकैत भाग गए।

सुबह करीब पांच बजे किसी तरह साधना बाथरूम से निकलीं और शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। एसएसपी दीपक कुमार ने साउथ सिटी चौकी इंचार्ज अमरनाथ यादव और बीट के सिपाही कांस्टेबल मो. रज्जन और महेंद्र कुमार को लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया है।

देवेंद्र ने बताया कि घर में वह और उनकी पत्नी रहते हैं सोमवार रात करीब एक बजे के आसपास लोहे की रॉड, तमंचे और डंडों से लैस पांच-छह बदमाश बेडरूम में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर डकैतों ने देवेंद्र को लोहे की रॉड से पीटा। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।

हाथ-पैर बांध कर पूछने- लगे जेवर कहां हैं

इसके बाद बेडरूम में ही रखे कपड़ों से दोनों की आंखों पर पट्टी के साथ ही हाथ-पैर बांध दिए। डकैत जेवर और कैश के बारे में पूछ रहे थे। देवेंद्र ने घर में मामूली रुपये और जेवर होने की बात कही तो वह धमकाने लगे।

इस बीच डकैतों ने साधना को उठाकर बाथरूम में बंद कर दिया। एक बदमाश दोनों की निगरानी करता रहा जबकि बाकी घर के अन्य कमरों व आलमारियों की तलाशी लेने लगे। करीब दो घंटे तक डकैतों ने इत्मीनान से पूरा घर खंगाला।

इस दौरान आलमारी में रखा एक सोने का हार, एक जोड़ी कान की झुमकी और 50000 रुपये नकद मिल गए। जेवर-कैश के अलावा मोबाइल फोन लेकर डकैत भाग निकले।

सुबह करीब पांच बजे तक कोई आहट न होने पर साधना ने किसी तरह बाथरूम के दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुल गया। वह घिसटकर बाहर आईं और शोर मचाया। पड़ोस में रहने वाले कौशलेंद्र शर्मा मौके मौके पर पहुंचे तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

खिड़की का ग्रिल काटकर घुसे थे डकैत

उन्होंने आसपास के लोगों को एकत्र किया और पुलिस कंट्रोलरूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले गई।

वारदात की जानकारी पाकर एएसपी उत्तरी अनुराग वत्स और सीओ कैंट तनु उपाध्याय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। दोपहर को आईजी रेंज जयनारायन सिंह भी साउथ सिटी पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि डकैत खिड़की की ग्रिल काटकर भीतर घुसे थे।

बेडरूम का दरवाजा खुला हुआ था इसलिए डकैतों को दंपती को काबू करने में ज्यादा मशक्कत नहीं लगने लगी। फिलहाल लापरवाही के आरोप में चौकी इंचार्ज व बीट के दो सिपाहियों को निलंबित करके जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को भी डकैतों की तलाश में लगाया गया है।

 
Back to top button