तो ये है वो बड़ा कारण जिसके चलते दिल्ली में नहीं हो रही बारिश, जाने कब बदलेगा मौसम का रुख…

गुरुवार की सुबह दिल्लीवालों के लिए मौसम के लिहाज से कुछ खास नहीं दिख रहा है। राहत के बाद दिल्ली-एनसीआर से फिलहाल दूर हैं। सूरज की तपन के साथ बढ़ती धूप से ऐसा लग रहा कि आज भी बारिश नहीं ही होगी। वहीं, दिल्लीवासी बुधवार को दिनभर बारिश का इंतजार करते रहे, लेकिन तेज क्या हल्की बारिश को भी तरस गए। सुबह से शाम तक लोग बादलों की ओर ही देखते रहे। मौसम विभाग ने बारिश नहीं होने का कारण हवा का दिशा बदलना बताया है। साथ ही मौसम विभाग का यह भी कहना है कि तेज बारिश होने के आसार अब नहीं के बराबर हैं।
नहीं हो रही अच्छी बारिश
मौसम विभाग ने बुधवार को अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था। लेकिन, सुबह से शाम हो गई, बारिश नहीं आई। बादलों की आवाजाही तो बनी रही, लेकिन बारिश कहीं भी हुई नहीं। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हवा में नमी का स्तर 65 से 85 फीसद रहा।
बदल रही हवा की दिशा
मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को सुबह उत्तरी पूर्वी हवा चल रही थी, जबकि दोपहर में उसकी दिशा पूर्वी उत्तरी पूर्वी हो गई। इससे बादल बिन बरसे ही उड़ गए। जहां तक बृहस्पतिवार का पूर्वानुमान है, तो बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने और हल्की बारिश होने के भी आसार हैं।
मानसून अपने अंतिम चरण में
मौसम विभाग का कहना है कि अब दिल्ली में मानसून अपने अंतिम चरण में है। इसलिए अगले करीब एक सप्ताह के दौरान हल्की बारिश का ही अनुमान है।





