तेलंगाना में चुनावी सरगर्मियां तेज, PM मोदी आज करेंगे लाल बहादुर स्टेडियम में एक चुनावी रैली को संबोधित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान को मजबूती देने के लिए सोमवार को यहां लाल बहादुर स्टेडियम में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा की तेलंगाना इकाई के मुख्य प्रवक्ता कृष्ण सागर राव ने कहा, ‘पीएम बेगमपेट एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे और शाम को दिल्ली लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह चुनावी राज्य तेलंगाना में पीएम मोदी का दूसरा दौरा है।
इससे पहले रविवार को भाजपा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जगह चुनावी सभाओं को संबोधित किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज पहले दौरा कर चुके। कांग्रेस की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी ने पिछले सप्ताह जनसभाओं को संबोधित किया। इनके अलावा गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल, जयराम रमेश, वीरप्पा मोइली जैसे नेता कमान संभाले हुए हैं।





