तेज गेदबाज भुवनेश्वर कुमार IPL 2019 के दूसरे हाफ के बाद रेस्ट पर जा सकते हैं

23 मार्च से IPL 2019 का आगाज होने वाला है. भारतीय टीम के लगभग सभी खिलाड़ी अलग -अलग टीमों से इस लीग में खेलते हैं. इस बार सभी टीमों के खिलाड़ियों और फ्रेंचाइजी के सामने वर्कलोड की भी एक नई समस्या है. आईपीएल के समाप्त होते ही सभी खिलाड़ियों को इंग्लैंड में वर्ल्ड कप भी खेलना है ऐसे में कोई भी टीम मैनेजमेंट यह नहीं चाहेगी कि उनके किसी भी खिलाड़ी को कोई समस्या हो.
वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ी भी इस बात का ध्यान रख रहे हैं कि आईपीएल के बिजी शेड्यूल के कारण उनकी फिटनेस में कोई प्रॉब्लम न हो. आपको बता दें कि 30 मई से वर्ल्ड कप का आगाज होना है. ऐसे में ये देखने वाली बात होगी कि आईपीएल खत्म होने और वर्ल्ड कप शुरू होने के अंतराल में खिलाड़ियों को कितने दिनों का रेस्ट मिलता है.
एक बड़ी खबर सामने आ रही है कि वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए भारत के तेज गेदबाज भुवनेश्वर कुमार आईपीएल 2019 के दूसरे हाफ के बाद रेस्ट पर जा सकते हैं. भुवनेश्वर कुमार ने हाल ही में आईपीएल के दूसरे हाफ में वर्कलोड मैनेजमेंट की बात करते हुए कहा था, “यह हमारे दिमाग में है. यह आईपीएल के पहले हाफ का खेल होने के बाद आता है. उन्होंने ने कहा था कि आईपीएल के कुछ मैचों के बाद मालुम चलता है कि हम किस तरफ जाएंगे. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि सभी खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप को देखते हुए अपनी फिटनेस पर ध्यान रखना होगा.
इस तेज गेंदबाज का कहना था कि इतने बड़े टूर्नामेंट में किसी बात की गारंटी नहीं है. भुवनेश्वर ने कहा कि सभी खिलाड़ी आईपीएल में खेलेंगे, लेकिन वर्कलोड की बात हमारे दिमाग में है. उन्होंने कहा कि अगर मुझे लगता है कि मैं थका हुआ हूं तो फिर मैं आराम करना चाहूंगा. जाहिर बात है कि यह फ्रेंचाइजी पर निर्भर करता है, लेकिन उन्हें भी इस बात का ध्यान रखना होगा कि खिलाड़ी का फिट रहना आवश्यक है. कुमार ने कहा, “मैं आश्वस्त हूं कि वे हर खिलाड़ी का इस मामले में साथ देंगे क्योंकि विश्व कप काफी अहम है. गौरतलब है कि कुछ समय पहले कोहली ने भी कहा था कि आईपीएल के दौरान खिलाड़ियों को खुद पर ध्यान रखकर खेलना होगा. कोहली ने भी माना है कि आईपीएल खिलाड़ियों के लिए थका देने वाला सीजन होता है.





