तेजी से चढ़ा सोने का पारा, इस बड़े स्तर को पार करते हुए सामने आई ये नई कीमत…

सोने ने बड़ी उछाल लगाते हुए 34,000 रुपये के स्तर को पार कर दिया है। विदेशी बाजारों के मजबूत रुझानों और स्थानीय ज्वेलरों की ओर से बढ़ी खरीदारी की वजह से सोने की कीमत में इजाफा हुआ है। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार सोना 280 रुपये बढ़कर 34,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से खरीदारी बढ़ने से चांदी भी 710 रुपये बढ़कर 39,060 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। सराफा कारोबारियों के अनुसार विदेशी बाजारों के मजबूत रुझानों और स्थानीय ज्वेलरों की ओर से खरीदारी बढ़ने से सोने में उछाल आया है।
विदेशी बाजारों में सोना पांच साल के सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने की कीमत 1,385.54 डॉलर प्रति औंस (28.35 ग्राम) पर और चांदी में 15.35 डॉलर प्रति औंस रही। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च प्रमुख हरीश वी ने कहा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा इस साल के अंत तक मुख्य नीतिगत ब्याज दर में कटौती किए जाने की उम्मीद से सोने का हाजिर भाव पांच साल के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया है।
फेड ने अपनी हालिया बैठक में यह संकेत दिया कि यदि अर्थव्यवस्था की भावी तस्वीर कमजोर होती है, तो वह ब्याज दर घटा सकता है। अंतरराष्ट्रीय तनाव और अर्थव्यवस्था में सुस्ती के संकेत मिलने की वजह से भी सुरक्षित निवेश साधन के रूप में सोने की मांग बढ़ी है। चांदी में भी मजबूती का रुझान चल रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसद खरा सोना 280 रुपये उछलकर 34,020 रुपये और 99.5 फीसद खरा सोना भी इतनी ही मजबूती के साथ 33,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया।
निर्मला सीतारमण ने सभी राज्यों के वित्त मंत्रियों से मांगा सहयोग…
आठ ग्राम सोने की गिन्नी हालांकि 26,800 रुपये प्रत्येक के भाव पर कायम रही। चांदी हाजिर 710 रुपये उछलकर 39,060 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वीकली डिलीवरी भी 742 रुपये उछलकर 38,044 रुपये प्रति किलोग्राम की हो गई। चांदी के सिक्कों की कीमत प्रति सैकड़ा 80,000 रुपये खरीद और 81,000 रुपये बिक्री के स्तर पर कायम रही।





