तेजस्वी रांची के लिए हुए रवाना, पिता लालू संग रिम्स में महागठबंधन पर होंगी बातें

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव रांची के लिए रवाना हो गए। नेता प्रतिपक्ष शनिवार को रिम्स में अपने पिता से मिलेंगे। बता दें कि हाल ही में बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने भी लालू प्रसाद यादव से रिम्स में जाकर मुलाकात की थी।
मिल रही जानकारी के अनुसार तेजस्वी यादव शुक्रवार की शाम पटना से रांची जाने के लिए रवाना हो गए। उन्होंने अपराह्न 3.10 की फ्लाइट से रांची के लिए उड़ान भरी। खबर मिलते ही पटना एयरपोर्ट पर काफी संख्या में उनके समर्थक पहुंच गये। इतना ही नहीं, उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर भी मीडिया से बाते करते हुए बिहार में बढ़ते क्राइम पर चिंता जतायी।
बताया जाता है कि तेजस्वी शनिवार को रांची के रिम्स में पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करेंगे। उम्मीद जतायी जा रही है कि वे बिहार महागठबंधन की ताजा स्थिति पर चर्चा करेंगे। सीट शेयरिंग पर भी उनसे बातें होंगी।





