तेजप्रताप तलाक मामले में 8 दिसंबर पर टिकी सभी की निगाहें…

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने पटना में रहने के लिए बतौर विधायक नए आवास के आवंटन का आवेदन सरकार को दिया है और इसपर सकारात्मक विचार के बाद उन्हें जल्द ही आवास आवंटित कर दिया जाएगा। बता दें कि तेपप्रताप अबतक अपनी मां राबड़ी देवी के आवास पर ही रह रहे थे और अपने तलाक की अर्जी दाखिल करने के बाद वो घर नहीं जा रहे। तेजप्रताप तलाक मामले में 8 दिसंबर पर टिकी सभी की निगाहें...

सूत्रों के अनुसार तेजप्रताप को सरकारी आवास एक-दो सप्‍ताह के अंदर मिल जाने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि नया आवास मिलने के बाद तेजप्रताप पूरे विधि-विधान से पूजा-पाठ कर अपने नए सरकारी आवास में प्रवेश कर सकते हैं। 

जानकारी के मुताबिक विधायक की हैसियत से तेज प्रताप ने हार्डिंग रोड स्थित दो नंबर आवास आवंटित कराने के लिए आवेदन दिया है। यह आवास अभी खाली है। लेकिन, आवास विभाग के प्रधान सचिव के विदेश दौरे पर चले जाने के कारण घर के आवंटन में कुछ दिन का समय लग सकता है। 

उधर, पटना के फैमिली कोर्ट ने सोमवार को तेजप्रताप यादव के तलाक की अर्जी पर उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई के लिए आठ जनवरी की तारीख तय की है। 

तेज प्रताप के वकील यशवंत कुमार शर्मा  ने बताया कि ऐश्वर्या को अपना पक्ष रखने के लिए प्रधान न्यायाधीश उमाशंकर द्विवेदी की कोर्ट ने सोमवार को नोटिस भेजा है। उन्होंने बताया कि हमें उम्मीद है कि वो कोर्ट आकर अपना पक्ष रखेंगी।

इससे पहले, तेजप्रताप के वकील के अनुरोध पर 29 नवंबर को अपराह्न तीन बजे पटना सिविल कोर्ट स्थित परिवार न्यायालय परिसर के एक बंद कमरे में सुनवाई हुई थी, जो करीब 15 मिनट चली। इस दौरान तेजप्रताप भी कोर्ट परिसर में मौजूद रहे। वहीं, परिसर में मीडियाकर्मियों, राजद समर्थकों और वकीलों का जमावड़ा रहा।

बताते चलें बिहार के पूर्व मंत्री चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से इसी साल 12 मई को तेजप्रताप की शादी हुई थी। वही नवंबर में अचानक से तेजप्रताप के रिश्ते तोड़ने के लिए दायर की गई तलाक की अर्जी ने लालू परिवार में मानो भूचाल ला दिया। तेजप्रताप को समझाने की उनके परिवार के लोगों ने काफी कोशिश भी की थी।

हालांकि, तेजप्रताप ने अपने फैसले पर कायम रहते हुए कहा था कि वो घुट-घुट कर नहीं जी सकते। उनके और ऐश्वर्या के विचार नहीं मिलते। ऐसे में दोनों का अलग हो जाना ही सही होगा।

Back to top button