तीसरे टेस्ट में जडेजा की जगह लेगा टीम इंडिया का यह धुरंधर खिलाड़ी

कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ 12 अगस्त से शुरू हो रहे तीसरे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट के लिये बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल को रविंद्र जडेजा की जगह 12 सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल किया गया है. बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने एक विज्ञप्ति में कहा, अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने 12 अगस्त 2017 से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट के लिये रविंद्र जडेजा की जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया है. अक्षर भारत ए टीम का हिस्सा थे जिसने कल रात दक्षिण अफ्रीका ए को सात विकेट से हराकर त्रिकोणीय श्रृंखला की ट्राफी अपने पास रखी.

तीसरे टेस्ट से निलंबित जडेजा

जडेजा को 24 महीने के भीतर छह डिमेरिट अंक होने के कारण तीसरे टेस्ट से निलंबित कर दिया गया है. भारत ने पहले दोनों टेस्ट जीतकर श्रृंखला अपने नाम पहले ही कर ली है. इससे पहले कयास लगाए जा रहे थें कि बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल या ऑफ स्पिनर जयंत यादव को 11 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट के लिए रविंद्र जडेजा के निलंबन के चलते भारतीय टीम में 15वें सदस्य के रूप में शामिल किया जा सकता है.

अक्षर पर सहमति

अंतिम टेस्ट में कुलदीप का अंतिम एकादश में खेलना लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन टीम प्रबंधन इस युवा चाइनामैन गेंदबाज का कवर चाहता है. अक्षर फिलहाल दक्षिण अफ्रीका में हैं जहां वह ‘ए’ टीमों की त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा ले रहे हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक तीसरे टेस्ट के लिए पल्लेकल में मौजूद चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद, कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली ने आम सहमित के बाद यह फैसला किया है.

Back to top button