तिलक वर्मा को गौतम गंभीर जल्द ही बनाएंगे भारतीय T20I टीम का कप्तान!

8 मार्च 2026, ये वो तारीख है, जब टीम इंडिया ने अहमदाबाद के मैदान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद से भारत ने अब तक कोई भी टी20 मैच नहीं जीता है। टीम इंडिया को आयरलैंड के खिलाफ हार मिली। अब इंग्लैंड के खिलाफ भी सीरीज में 2-0 से पीछे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ भारत की बल्लेबाजी बुरी तरह से फ्लॉप रही है।
इसी कड़ी में उपकप्तान तिलक वर्मा का नाम भी शामिल है। तिलक लगातार बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान क्रिस श्रीकांत ने तिलक पर निशाना साधा है। श्रीकांत का कहना है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा है। वे अभी उपकप्तान हैं और उन्हें जल्द ही कप्तान बनाने वाले हैं। गौरतलब है कि टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को हटाकर श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाया गया और तिलक को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
क्रिस श्रीकांत ने तिलक वर्मा पर उठाए सवाल
श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “वह पहले से ही उपकप्तान है और लगता है कि जल्द ही कप्तान भी बना दिया जाएगा। तिलक वर्मा को तेज गेंदबाजी और बाउंस देखकर खुद डर लगता है। तिलक वर्मा बिल्कुल लाचार नजर आ रहे हैं। मैं तो तिलक की जगह संजू सैमसन को खिलाना पसंद करूंगा।”
तिलक वर्मा उपकप्तान बनने के बाद फ्लॉप रहे हैं। उन्होंने 19, 55, 13, 24* और 3 रन का स्कोर बनाया है। आयरलैंड के खिलाफ उनकी 55 रनों की पारी अच्छी रही लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। इंग्लैंड के खिलाफ भी वे बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं।
श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट पर भी उठाए सवाल
श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “आप तिलक वर्मा को मुख्य बल्लेबाज और उपकप्तान बना देते हो, फिर भी तेज गेंदबाजी के खिलाफ उन्हें बचाने के लिए अक्षर पटेल को उनसे पहले भेज रहे हो। साफ है कि वे तिलक को छोटी गेंदों से बचाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें पता है कि वह कमजोर हैं। मैं लगातार कह रहा हूं कि उन्हें टीम से बाहर किया जाना चाहिए लेकिन प्रबंधन उन्हें नहीं हटा रहा।”





