तंबाकू लाने से बच्चे ने किया मना, फिर बैट से पीट-पीट कर कर दी हत्या

कुढ़नी (मुजफ्फरपुर).यहां के तुर्की एरिया में पेशे से ट्रैक्टर चालक नन्हकी मंडल नाम के शख्स ने 14 साल के जीतू कुमार की बैट से पीट-पीट कर हत्या कर दी। क्रिकेट खेल रहे जीतू से नन्हकी ने तंबाकू मांग कर लाने के लिए कहा था। उसके इनकार पर नन्हकी ने बैट छीनकर उसे पीटना शुरू कर दिया। आरोपित ने उसे दौड़ा कर बेरहमी से इतना मारा कि जीतू की मौत हो गई।

डेडबॉडी रख लोगों ने किया प्रदर्शन

घटना से गुस्साए लोगों ने सकरी सरैया-गोबरसही मार्ग को लदौड़ा में डेडबॉडी रख जाम कर दिया। आरोपित की गिरफ्तारी और मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया। पुलिस ने आरोपित के घर पर छापेमारी की। लेकिन, आरोपित की मां, भाई और फैमिली के लोग डर से घर छोड़कर फरार हो गए। बीडीओ हरिमोहन कुमार और पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। बताया जा रहा है कि गुरुवार को भुन्नी मंडल का बेटा जीतू अपने घर से पश्चिम खेत में कुछ लड़कों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। गांव के ही शत्रुघ्न मंडल का 25 साल का बेटा नन्हकी मंडल पहुंचा। जीतू को उसने तंबाकू लाने के लिए कहा। इनकार पर बैट छीन नन्हकी ने जीतू की पिटाई शुरू कर दी। भयभीत होकर वह अपने घर की ओर भागा तो उसे दौड़ा-दौड़ाकर मारा। जीतू सकरी सरैया-गोबरसही रोड पर गिर गया। वहां जीतू की मौत हो गई। भुन्नी मंडल के बयान पर हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है।

एक बेटे की सड़क दुर्घटना में हो चुकी है मौत

जीतू की हत्या के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति हो गई थी। तुर्की ओपी पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। जीतू की मां फूलमती देवी रो-रोकर बेहोश हो रही थी। गांववालों ने बताया कि भुन्नी मंडल के पहले बेटे की मौत पटना में सड़क दुर्घटना में कुछ साल पहले हो गई थी। तीसरा बेटा शंभू और चौथा बेटा गोलू साथ रहता है।

साथ क्रिकेट खेल रहे बच्चे ने दी घटना की जानकारी

जीतू के साथ क्रिकेट खेल रहा एक बच्चा भागकर टोले में गया। उसने घटना की जानकारी लोगों को दी। गांववाले पहुंचे तब तक नन्हकी फरार हो चुका था। बच्चे को परिजन लदौड़ा चौक पर एक डॉक्टर के पास लाए। हालांकि डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव के साथ दो घंटे तक जाम के दौरान सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। बताया गया कि आरोपी का भाई व उसकी मां घर पर थी, लेकिन घटना के बाद दोनों फरार हो गए। इधर, आरोपित के पड़ोसियों का कहना था कि वह नशे का आदि था। पश्चिमी डीएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि तंबाकू के लिए क्रिकेट खेल रहे लड़के की बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

Back to top button