अलीगढ़: ढाई साल की बच्ची की हत्या को लेकर देश में उठी जल्द से जल्द सजा को लेकर मांग, लोगों ने कहा…

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ढाई साल की मासूम बच्ची की जघन्य हत्या के मामले की जांच के लिए एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया गया है. इस टीम की अगुवाई एसपी क्राइम और एसपी देहात करेंगे. इस टीम में छह लोगों को शामिल किया गया है. एसपी देहात मणिलाल पाटीदार इस टीम के प्रभारी होंगे. इसमें सीओ खैर, चार विवेचक के साथ एक महिला थाना इंचार्ज सुनीता मिश्रा को टीम में शामिल किया गया है. इस मामले की जांच में मदद के लिए एफएसएल और एसओजी टीम को भी लगाया गया है.
इसके साथ ही इस घटना की फॉरेंसिक रिपोर्ट आगरा भेज दी गई है. इस घटना को लेकर पुलिस सोशल मीडिया पर लोगों को जानकारी दे रही है. मामले में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) आनंद कुमार का कहना है कि मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. फॉरेंसिक साइंस टीम, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और विशेषज्ञों की एक टीम को भी एसआईटी में शामिल किया गया है. इस मामले में एसआईटी फास्ट ट्रैक आधार पर कार्रवाई करेगी. आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट और एनएसए के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.





