डेराबस्सीः अवैध खनन रोकने गए थाना प्रभारी से उलझे माफिया, बुलानी पड़ी फोर्स, 3 गिरफ्तार

दूसरी ओर पुलिस द्वारा चोरी का माल खरीद रहे क्रशर मालिक के खिलाफ कार्रवाई न करने के चलते उनकी कार्रवाई सवालों के घेरे में आ गई है। वहीं, मौके से माइनिंग माफिया द्वारा ढकोली पुलिस थाना प्रभारी एसआई जगजीत सिंह के साथ बदसलूकी की गई। इसके बाद उन्होंने पूरे सब डिवीजन की फोर्स बुलाकर घेराबंदी करके कार्रवाई की।
ढकोली पुलिस थाना इंचार्ज जगजीत सिंह को सूचना मिली कि घग्गर नदी में अवैध माइनिंग हो रही है। वे छापा मारने के लिए मौके पर पहुंच गए, लेकिन घग्गर नदी में भारी गिनती में ट्रैक्टर-ट्रालियां ग्रेवल्स की चोरी कर रही थी। वहां अवैध माइनिंग कर रहे लोग थाना प्रभारी के साथ उलझ गए। थाना प्रभारी ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
इसके बाद मौके पर एएसपी हरमन हंस के नेतृत्व में सब डिवीजन डेराबस्सी की पुलिस फोर्स बुलाई गई। एएसपी हरमन हंस ने बताया कि ये ट्रॉलियां किस क्रशर के यहां जा रही थीं इसकी जांच की जाएगी। डेराबस्सी थाना प्रभारी महिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने सात लोगों खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें गुरचरण सिंह, चरनजीत सिंह और निरपाल सिंह हैं।
चार आरोपी लखवीर सिंह, जसपाल सिंह, गुरजंट सिंह और मंगा मौके से फरार हो गए। उधर, ढकोली पुलिस थाने के प्रभारी जगजीत सिंह ने कहा कि एक गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा गया था। हालांकि वहां माफिया बदसलूकी पर उतर आया। उन्होंने फोर्स बुलाकर रंगे हाथ ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ीं और आरोपियों को डेराबस्सी पुलिस के हवाले कर दिया था।





