डूबने की कगार पर है इटली का ये खूबसूरत ये…शहर, लगातार जारी है बारिश

इटली का सबसे खूबसूरत शहर वेनिस इस वक़्त भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। शहर में चारों ओर पानी भरा हुआ है। बिजली आपूर्ति बंद है। वेनिस में 53 वर्षों बाद पानी ने इतनी भीषण तबाही मचाई है। बाढ़ जनित आपदाओं में दो लोगों की जान जा चुकी है। शहर में बीते एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार और बुधवार के बीच आए हाईटाइड की वजह से स्थिति और भी भयावह हो गई है।

इटली का शहर वेनिस 118 द्वीपों से बना हुआ है। यह एड्रिआटिक सागर के उत्तर-पश्चिम की तरफ एक झील के बीच बसा हुआ है। यह झील लगभग 51 किमी लंबी और 14 किमी चौड़ी है। लगभग 415 वर्ग किमी में फैले इस शहर का 80 फीसदी हिस्सा यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है और लाखों पर्यटक  यहां घूमने आते हैं। वेनिस में बाढ़ की वजह से कई संग्रहालय बंद कर दिए गए हैं। वेनिस में इतना पानी भरने के दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं। पहला जलवायु परिवर्तन और दूसरा बाढ़ से निपटने के लिए जो बैरियर तैयार किए जाने थे, उन पर अब तक काम नहीं किया गया। इस कारण आज यहां के हालात खराब हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट में इतनी देरी हो चुकी है, जिसकी वजह से इस पर होने वाला खर्च भी बढ़ता जा रहा है। बैरियर नहीं बनाए जाने के पीछे भ्रष्टाचार की भी शिकायतें आ रही हैं। यहां के लोगों को एक चिंता ये भी है कि बाढ़ को रोकने वाला बांध यहां के इकोसिस्टम को भी क्षति पहुंचाएगा।

Back to top button