डालनवाला पुलिस ने लक्जरी गाड़ियों से स्टेपनी चुराने वाले शातिर चोर को किया गिरफ्तार

डालनवाला पुलिस ने लक्जरी गाड़ियों से स्टेपनी चुराने वाले शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के हवाले से दो स्टेपनी भी बरामद की गई। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार आरके गोयल निवासी रायपुर रोड ने बीती आठ नवंबर को तहरीर सौंप कर बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। जब सुबह उठे तो देखा कि कार के दो एलॉय व्हील गायब थे। तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

इधर, पुलिस ने घटना स्थल के समीप सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फिर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोहिनी रोड से इंडिगो कार को चेकिंग के लिए रोका। कार से चोरी गए दोनों व्हील बरामद हो गए।

पूछताछ में कार चालक ने अपना नाम शक्ति सिंह निवासी शिवपुरी कॉलोनी, रायपुर बताया। पुलिस ने व्हील को लेकर पूछताछ की तो आनाकानी करने लगा। जब सख्ती से पूछताछ की चोरी की बात कबूल ली। डालनवाला थाना प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

दुकान की छत काटकर चोरी करने वाला तमंचा गिरफ्तार

दून कोतवाली पुलिस ने दुकान की छत पर लगा टीन का शेड काटकर माल और नकदी उड़ाने वाले चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित से चोरी किया माल, नकदी और मोबाइल बरामद हुआ है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, व्यापारी अनुज गर्ग निवासी मलियान मोहल्ला ने बीती 11 नवंबर को लक्खीबाग चौकी में तहरीर देकर बताया कि उनकी सहारनपुर रोड पर तंबाकू उत्पाद की दुकान है। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर ने दुकान की टीन की छत काट कर 90 हजार की सिगरेट, 10 हजार की नकदी चोरी कर ली।

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना स्थल के समीप सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस ने बन्नू चौक से आकाश उर्फ तमंचा निवासी शांति विहार, रायपुर को हिरासत में लिया। उसके पास से चोरी की हुई 31 हजार कीमत की सिगरेट, 5400 नकदी, एक मोबाइल फोन और टीन काटने वाला कटर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह पॉलीटेक्निक कर चुका है, लेकिन नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी करने लगा। सीओ शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि आकाश उर्फ तमंचा पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।

Back to top button