ठगों ने पिता-पुत्र से ऑनलाइन उड़ाए 15 हजार, शिकायत दर्ज

सीतापुर। शहर कोतवाली इलाके में एक पिता-पुत्र से आनलाइन ठगी की गई है। ठगों ने एक मोटर साइकिल बिक्री के नाम पर दो दिनों में 15 हजार रुपये की ठगी कर ली और उसके बाद से फोन भी उठाना बंद कर दिया। मामले में पीड़ित परिवार की ओर से आनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। ऐसे में पीड़ित अब एसपी से कार्रवाई कराने की मांग कर रहे हैं।

शहर कोतवाली इलाके के सादिकपुरवा निकट रंपा टाकीज निवासी संतोश पांडेय ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि बीती 30 जुलाई को उनके पुत्र अभिशेष पांडेय ने अपने मोबाइल पर एक बाइक की बिक्री का एड देखा था। जिसके बाद उसने एड पर दिए गए नंबर से संपर्क किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रमेश कुमार निवासी नेरपुर बताया और स्वयं के सेना में पोस्टिंग होने की बात कही।

उसने बताया कि उसका स्थानांतरण लद्दाख हो गया है, इसलिए वह अपनी बाइक बेचना चाहता है। दोनों के मध्य 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ, जिसके बाद अलग अलग तारीखों में 15 हजार रुपये पेटीएम के माध्यम से स्थानांतरित किए थे। शेष धनराशि बाइक की डिलीवरी होने के बाद भुगतान करने की बात कही। हालांकि इसके बाद भी वह फोन पर बात कर शेष धनराशि भेजने की डिमांड करता रहा। लेकिन जब भुगतान नहीं किया तो रमेश नामक व्यक्ति ने फोन उठाना ही बंद कर दिया और नंबर ब्लाॅक कर दिया। हालांकि उसका नंबर अभी भी चल रहा है। पीड़ित द्वारा पूर्व में शिकायत आनलाइन दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Back to top button