ठंड से ठिठुरी दिल्ली, जानिए क्या रहेगा कल सुबह का हाल…

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार (20 दिसंबर) की सुबह काफी ठंड रही और पारा गिरकर चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. इससे शहर का तापमान इस मौसम के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया. मौसम विभाग के मुताबिक, 22 दिसंबर तक दिल्ली में शीत लहर जारी रहेगी. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शहर का न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है. यह इस महीने का न्यूनतम तापमान है. 
मौसम अधिकारी ने दिनभर आसमान साफ रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. मौसम अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर 94 प्रतिशत दर्ज किया गया. बुधवार को, न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था तथा अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा था.
मौसम विभाग की मानें तो इससे पहले साल 2015 में एक दिन शीत लहर थी. 2014 में तीन दिन शीत लहर का प्रकोप था. 2011 में 4 दिन शीत लहर थी. हालांकि, दिन में धूप खिलने की वजह से दोपहर में लोगों को कुछ घंटे ठंड से राहत जरूरत मिल रही है. स्काइमेट के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने की वजह वेस्टर्न डिस्टरबेंस है. क्योंकि इसी वजह से उत्तरी भारत की ओर चने वाली हवाएं ड्राई और ठंडी हो जाती हैं. इसी वजह से तापमान तेजी से कम होता है. दिल्ली ही नहीं बल्कि पंजाब, हरियाणा, नॉर्थ राजस्थान और वेस्ट उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप काफी अधिक है.





