टेस्ट में ये बड़ा कमाल करने वाली भारतीय टीम बनी, दुनिया की पहली ऐसी टीम

भारत ने दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) से टेस्ट सीरीज जीतने के साथ ही आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी ‘दोहरा शतक’ लगा दिया है. चैंपियनशिप में उसके सबसे अधिक 200 अंक हो गए हैं. भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 200 अंक हासिल करने वाली पहली टीम भी है. बाकी टीमें 100 अंक भी नहीं पहुंच पाई हैं. 
मेजबान भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की सीरीज खेली जा रही है. भारतीय टीम (Team India) ने सीरीज के पहले दोनों मैच जीत लिए हैं. इससे उसे कुल 80 अंक मिले. भारत को इससे पहले वेस्टइंडीज से सीरीज जीतने पर 120 अंक मिले थे. इस तरह उसके कुल 200 अंक हो गए हैं.
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में कुल नौ टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत ने इस चैंपियनशिप में अब तक चार मैच खेले हैं और चारों में ही जीत दर्ज की है. दक्षिण अफ्रीका को अभी इस चैंपियनशिप के प्वाइंट टेबल में खाता खोलना बाकी है. वह चैंपियनशिप में अपने दोनों मैच हार चुका है.
भारत ने अफ्रीका से जीता टेस्ट मैच लेकिन ऑस्ट्रेलिया चटाई धूल, जानें कैसे
आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप में अब तक सबसे अधिक मैच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड ने खेले हैं. इन दोनों टीमों ने पांच-पांच टेस्ट मैच खेले हैं. इनके बाद भारत ने चार मैच खेले हैं. दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज ने दो-दो मैच खेल चुके हैं. पाकिस्तान और बांग्लादेश को चैंपियनशिप में अभी पहला मैच खेलना है.
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे अधिक मैच खेलने के बावजूद चैंपियनशिप के प्वाइंट टेबल में टॉप-3 में शामिल भी नहीं हैं. भारत 200 अंक के साथ प्वाइंट टेबल में पहले स्थान पर है. न्यूजीलैंड और श्रीलंका 60-60 अंक के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं. इनके बाद ऑस्ट्रेलिया (56) और इंग्लैंड (56) हैं. दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज को अभी एक भी अंक नहीं मिला है.





