टेरर फंडिंग मामले के आरोपित सदाकत को लखीमपुर खीरी कोर्ट में किया पेश…

टेरर फंडिंग मामले के आरोपित सदाकत को शुक्रवार को लखीमपुर खीरी कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के साथ ही एटीएस ने उसकी रिमांड के लिए अर्जी लगा दी है। सदाकत पूरे मामले की अहम कड़ी है इसलिए रिमांड पर लेकर एटीएस उससे रुपये के लेनदेन, उनका उपयोग कहां किया गया आदि बिंदुओं पर सवाल करेगी। इसके अलावा उसके विदेशी लिंक के बारे में भी जांच की जाएगी।

11 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी में टेरर फंडिंग के चार आरोपित पकड़े गए थे। उन्होंने कहा था कि वे बरेली के परतापुर निवासी सदाकत, सिराजुद्दीन और फहीम के लिए काम करते हैं। बाद में एटीएस ने फहीम और सिराजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया, जबकि सदाकत नौ साल पुराने मामले में जमानत कटवाकर बरेली जेल चला गया था। इसके बाद एटीएस ने लखीमपुर खीरी से बी वारंट लाकर जेल में दाखिल किया था। शुक्रवार को सदाकत को बरेली जेल से लखीमपुर खीरी कोर्ट ले जाया गया। वहां टेरर फंडिंग मामले में पेशी हुई। इसके साथ ही एटीएस ने उसकी रिमांड के लिए अर्जी भी लगाई है। सूत्रों की माने तो सदाकत से पूछताछ में बड़े खुलासे हो सकते हैं। फहीम और सिराजुद्दीन ने अधूरी जानकारी एटीएस को दी थी। कह दिया था कि ज्यादातर बातें सदाकत को ही पता हैं। रिमांड मिलने के बाद एटीएस उससे नाइजीरियन लिंक के अलावा दिल्ली में बैठे उसके आकाओं के बारे में भी पूछताछ करेगी।

रिमांड मिली तो इन बिंदुओं पर हो सकती है पूछताछ

  • फेसबुक मैसेंजर पर हुई बातचीत में शामिल लोगों की पहचान
  • नाइजीरियन सहित अन्य विदेशी लोगों से लिंक
  • विदेशों से पैसे आने का जरिया
  • इस पैसे का भारत में उपयोग करने वालों की जानकारी
  • टेरर फंडिंग में शामिल भारत के अन्य लोगों की पहचान

शनिवार को बरेली कोर्ट में पेशी

नौ साल पुराने मामले में जमानत कटा जेल गए सदाकत के शनिवार को 14 दिन पूरे हो जाएंगे। उसे शनिवार को बरेली कोर्ट में लाया जाएगा। यहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सुनवाई करेंगे। बता दें कि सदाकत 18 अक्टूबर को जमानत कटाकर जेल गया था। उसने अपने एक रिश्तेदार से जमानत वापस करा ली थी।

क्या बोले एटीएस इंस्पेक्टर

इंस्पेक्टर एटीएस मंजीत ने बताया कि सदाकत को शुक्रवार को लखीमपुर खीरी कोर्ट में पेश किया गया। उसके रिमांड के लिए अर्जी लगा दी गई है। रिमांड मिलने पर उससे कई बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी। इसकी सभी प्रक्रिया लखनऊ से की जा रही हैं।

Back to top button