टूटते रुपये से मिली सोना-चांदी को मजबूती, इतने तक बढ़ सकते है सोने-चांदी के भाव

डॉलर के मुकाबले बुधवार को रुपये के नवीनतम निचले स्तर पर जाने का फायदा घरेलू बाजार में सोने के भाव पर देखने को मिला। आयात महंगा होने की चिंता के चलते घरेलू बाजार में सराफा कारोबारियों ने सोने की खरीद में दिलचस्पी ली।
इससे पीली धातु का भाव 550 रुपये मजबूत होकर 32,030 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी ने भी बुधवार को 450 रुपये की छलांग लगाई। इससे चांदी का भाव 39,400 रुपये प्रति किलोग्राम पर जा पहुंचा।
जानकारों का कहना था कि एक तरफ घरेलू बाजार में रुपये की कमजोरी से सराफा कारोबारियों ने सोने की खरीद में दिलचस्पी ली। बुधवार को डॉलर के मुकाबले रुपया इंट्रा-डे में 73.41 के स्तर तक गिर गया था।
कमजोर रुपया और व्यापार घाटे को लेकर वाणिज्य और उद्योग मंत्री आज करेंगे अहम बैठक
दूसरी तरफ विदेशी बाजारों में सोने के भाव में मजबूती से भी सोने के खरीदारों का मनोबल ऊंचा रहा। वहीं, सिक्का निर्माताओं और औद्योगिक इकाइयों की तरफ से की गई बढ़िया खरीदारी के दम पर चांदी का भाव 39,000 रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गया।
सिंगापुर में बुधवार को सोने का भाव 0.32 फीसद मजबूती के साथ 1,207.60 डॉलर प्रति औंस (28.35 ग्राम) पर पहुंच गया। नई दिल्ली में 99.9 फीसद शुद्धता वाला सोना 32,030 रुपये, जबकि 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 31,880 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर उपलब्ध था।





