टीम इंडिया ने पहली बार 3-0 से साउथ अफ्रीकी टीम को टेस्ट सीरीज में किया क्लीन स्वीप…

India vs South Africa 3rd Test Match Report: भारतीय टीम ने रांची टेस्ट मैच में साउथ अफ्रीका को एक पारी और 202 रन से हरा दिया है। इसी के साथ भारतीय टीम ने तीन मैचों की ये सीरीज 3-0 से जीतकर मेहमान टीम दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ कर दिया है। टीम इंडिया ने पहली बार साउथ अफ्रीकी टीम को टेस्ट सीरीज में क्लीन स्वीप किया है।  

रांची टेस्ट मैच के चौथे दिन सिर्फ 12 गेंदों का खेल हुआ जिसमें दूसरा ओवर कराने आए डेब्यूडेंट खिलाड़ी शाहबाज नदीम ने ओवर की आखिरी दो गेंदों में दो विकेट झटके और मैच भारत की झोली में डाल दिया। साउथ अफ्रीका को 9वां झटका थ्यूनस डिब्रायन के रूप में लगा जो 30 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, आखिरी विकेट लुंगी नगिदी के रूप में लगा जो बिना खाता खोले गोल्डन डक का शिकार हुए।

ऐसा था मैच का हाल

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। इसके बाद सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने दोहरा शतक, उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने शतक, रवींद्र जडेजा ने अर्धशतक और उमेश यादव ने 31 रनों की तूफानी पारी खेलकर 497/9 पर पारी की घोषणा कर दी। इसके बाद अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 162 रन पर ढेर हो गई।

पहली पारी में 335 रनों से पिछड़ने के कारण साउथ अफ्रीका की टीम को फॉलोऑन खेलना पड़ा। फॉलोऑन खेलते हुए भी साउथ अफ्रीकाई टीम की हालत खराब रही। शुरुआत से ही भारतीय तेज गेंदबाजों ने मेहमान टीम पर अपना दबदबा बनाए रखा। यही कारण रहा कि चौथे दिन मेहमान टीम दो ओवर खेल पाई और 133 रन पर ढेर हो गई। भारत ने ये मैच पारी और 202 रन के अंतर से जीत लिया।

Back to top button