टीम इंडिया को चाहिए हिंदी बोलने वाला कोच

नई दिल्ली। बीसीसीआई ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच पद के लिए विज्ञापन दे दिया है। बोर्ड ने कोच पद के लिए कुछ मापदंड रखे हैं जिसे आवेदन करने वाले शख्स को पूरा करना होगा, इसमें हिंदी बोलना भी शामिल है।
आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 जून है। कोच का प्रभावी ढंग से इंग्लिश बोलना अनिवार्य है ताकि वह अपना संदेश सही तरीके से दे सके। साथ ही हिंदी और अन्य क्षेत्रीय भारतीय भाषा का ज्ञान वांछनीय है।
इससे संकेत मिला है कि रवि शास्त्री और उनकी टीम दोबारा जिम्मेदारी संभाल सकती है क्योंकि विदेशी व्यक्ति के लिए हिंदी बोलना संभव नहीं।
पिछले सप्ताह बोर्ड ने पूर्व हरफनमौला खिलाड़ी बांगर को 11 जून से शुरू हो रहे जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम का अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त, पूर्व खिलाड़ी अभय शर्मा को क्षेत्ररक्षण कोच नियुक्त किया था।
टीम के पूर्व कोच डंकन फ्लेचर के जाने के बाद से टीम के मुख्य कोच का पद खाली पड़ा है। फ्लेचर का कार्यकाल 2015 विश्व कप के बाद समाप्त हो गया था। फ्लेचर के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रवि शास्त्री को टीम का निदेशक बनाया गया था।
इसी साल मार्च-अप्रैल में खेले गए टी-20 विश्व कप के बाद उनका कार्यकाल भी समाप्त हो गया। साथ ही बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर का भी कार्यकाल समाप्त हो चुका है।





