टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका, विजय शंकर वर्ल्ड कप से हुए बाहर

आईसीसी वर्ल्ड कप-2019 में टीम इंडिया को एक और झटका लगा है. पैर में चोट के कारण विजय शंकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए है. उनकी जगह टीम में मयंक अग्रवाल को मौका दिया जाएगा. इससे पहले चोट के कारण टीम से शिखर धवन बाहर हुए थे. वहीं, भुवनेश्वर कुमार भी चोट के कारण नहीं खेल रहे हैं. मयंक अग्रवाल इस हफ्ते के अंत में भारतीय स्क्वॉड से जुड़ेंगे. भारतीय टीम को अभी दो मुकाबले खेलने हैं. 2 जुलाई को बांग्लादेश और 6 जुलाई को श्रीलंका के खिलाफ विराट ब्रिगेड उतरेगी.

इस वर्ल्ड कप में 28 साल के विजय शंकर का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा था. उन्हें 19 जून को साउथेम्प्टन में बारिश से प्रभावित ट्रेनिंग सत्र के दौरान चोट लगी थी. दरअसल, जसप्रीत बुमराह की गेंद उनके बाएं पैर के अंगूठे पर लगी. चोट शुरुआत में ज्यादा बड़ी नहीं लग रही थी, लेकिन बाद में काफी गंभीर हो गई. उन्हें 3 मैचों में मौका मिला, जिसमें वह 29 की औसत से 58 रन बनाए. इसके अलावा उनके नाम 2 विकेट रहे.

आईएएनएस के मुताबिक, शंकर विश्व कप से बाहर हो गए हैं और वह बीसीसीआई आईसीसी से उनके विकल्प के बारे में औपचारिक रूप से बात करेगी. इसी वजह से शंकर इंग्लैंड के खिलाफ मैच में नहीं खेले थे. टॉस के दौरान कप्तान विराट कोहली ने कहा था, ‘विजय शंकर को पैर के अंगूठे में चोट है. ऋषभ पंत अंतिम-11 में उनका स्थान लेंगे.’

भारत ने पदक पक्का किया, आडवाणी और रावत जीते

सूत्रों के मुताबिक, बीसीसीआई आईसीसी से कर्नाटक के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को उनके विकल्प के तौर पर टीम में शामिल करने के लिए औपचारिक रूप से बात कर सकती है. हालांकि अभी बीसीसीआई की ओर से कोई जवाब नहीं आया है. 

बता दें कि वर्ल्ड कप में भारत के नंबर 4 बल्लेबाज के तौर पर टीम में शामिल किए गए विजय शंकर का प्रदर्शन बहुत खराब रहा था. हालांकि विजय शंकर ने वर्ल्ड कप के अपने डेब्यू मैच में पहली बॉल पर विकेट हासिल किया. विजय शंकर ने अपने वर्ल्ड कप करियर का पहला शिकार पाकिस्तान के इमाम उल हक को एलबीडब्ल्यू करके बनाया था.

ऋषभ पंत को इंग्लैंड के खिलाफ मैच में चोटिल विजय शंकर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था. इससे पहले भारत ने दो मैचों में शंकर को नंबर-4 पर आजमाया था, लेकिन यह ऑलराउंडर अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के खिलाफ 29 और 14 के स्कोर से प्रभावित नहीं कर सका.

28 साल के मयंक अग्रवाल ने छोटे प्रारूपों में टीम इंडिया के लिए पदार्पण नहीं किया है. कर्नाटक के इस सलामी बल्लेबाज ने पिछले साल दिसंबर में मेलबर्न में टेस्ट डेब्यू किया था. उन्हें इस हफ्ते भारत-ए टीम के लिए पांच वनडे और तीसरे अनौपचारिक टेस्ट के लिए वेस्टइंडीज की उड़ान भरने से पहले फिटनेस टेस्ट से गुजरना पड़ा.

अग्रवाल ने कर्नाटक के लिए लिस्ट-ए बल्लेबाज के तौर पर 75 पारियों में 48.71 की औसत से 3605 रन बनाए हैं. जिसमें उनके 12 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने पिछले साल इंडिया-ए की तरफ से इंग्लैंड में खेलते हुए 71.75 की औसत 4 वनडे पारियों में 287 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 105.90 का रहा था.

Back to top button