टीम इंडिया के लिए बेहद बुरी खबर, चोटिल होकर पहले टेस्ट सीरीज से बाहर हुआ ये खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया के लिए बेहद बुरी खबर है। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ चोटिल होकर पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। इसे 6 दिसंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पहले मेहमान टीम के लिए एक झटके की तरह देखा जा रहा है।
ताजा अपडेट्स की माने तो पृथ्वी शॉ को दूसरे टेस्ट तक फिट होने के लिए एक विशेष अभ्यास कार्यक्रम से गुजरना होगा। भारतीय दल की ओर से एक प्रेस रीलिज जारी कर इस 19 वर्षीय खिलाड़ी के पहले टेस्ट से बाहर होने की जानकारी भी दी गई।
यह घटना सिडनी ग्राउंड पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया XI के खिलाफ जारी अभ्यास मैच के तीसरे दिन घटी। दरअसल, 19 वर्षीय पृथ्वी, जिन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 66 रनों की जोरदार पारी खेली खेली थी, फील्डिंग करते वक्त डीप मिडविकेट बाउंड्री पर कैच पकड़ने की कोशिश में चोटिल हो गए। उनकी बाईं एड़ी में चोट लगी है।
आखिर कैसे हुआ हादसा?
टीम इंडिया की पारी के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन का पहला विकेट लेने के लिए भारतीय टीम को इंतजार करना पड़ा। पारी के 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज मैक्स ब्रायंट ने आर अश्विन को ऊंचा शॉट खेला। गेंद सीधे मिडविकेट की ओर गई, जिसे लपकने के लिए पृथ्वी शॉ ने पूरा जोर लगाया।
गोद में उठाकर ले जाना पड़ा बाहर
टीम फीजियो पैट्रिक फरहार्ट और एक अन्य के सहारे उन्हें उठाकर चेंजिंग रूम तक ले जाया गया। इसके बाद दर्द से कराह रहे पृथ्वी को स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया। बीसीसीआई ने ट्वीट कर बताया कि इस समय मेडिकल टीम पृथ्वी शॉ की चोट का आंकलन कर रही है।





