टमाटर से कैचप बनाने की विधि

टमाटर से कैचप बनाने की विधिसामग्री-

टमाटर- 10 कि.ग्रा., शक्कर- 500 ग्राम., नमक- 120 ग्राम, प्याज- 150 ग्राम., लहसुन- 20 ग्राम, लाल मिर्च- 10 ग्राम., जीरा- 10 ग्राम, लौंग- 5 ग्राम, काली मिर्च- एक टेबल चम्मच (2 ग्राम), बड़ी इलायची- (दो), सिरका- 500 मि.ली., सोडियम बेंजोएट- 1 ग्राम।

विधि-

पके हुए लाल-लाल टमाटर लीजिए। टमाटर को अच्छी तरह से धो लीजिए। एक साफ कपड़े में टमाटर को बांध दीजिए। एक भगोने में पानी लेकर गरम करें। उबलते हुए पानी में पतले कपड़े में बंधे टमाटरों को पांच मिनट उबालिए। टमाटरों को निकालने के बाद मसलकर छन्नी से छान दीजिए। छने हुए रस को धीमी आंच पर पकाईए।

उपरोक्त सभी मसालों को पीसकर मलमल के कपड़े में बांध कर रस के अंदर डाल दीजिए। अब रस को तब तक उबालिए जब तक इसकी मात्रा एक तिहाई न रह जाए। इस एक तिहाई उबाले हुए रस में शक्कर, सिरका, नमक डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। मलमल के कपड़े में बंधे हुए मसालों को दबाकर निचोड़ें तथा दस मिनट और पकायें। उबलते हुए मिश्रण से थोड़ा-सा रस निकालकर सोडियम बेंजोएट डालकर अच्छी तरह मिलाकर पूरे पदार्थ में डाल कर चलायें। गर्म पानी से बोतल साफ करके गरम-गरम कैचप को बोतल में भरें। बोतल को गरम पानी में रखकर 10-15 मिनट तक उबालें।

Back to top button