झारखंड में कांग्रेस ने मांगा डिप्‍टी सीएम का पद, जेएमएम ने दिया ये जवाब

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। जेएमएम को 30 सीटें मिली हैं। इस बार जेएमएम ने कांग्रेस और आरजेडी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा। कांग्रेस को 16 तो वहीं आरजेडी को एक सीट पर जीत मिली है।

बता दें कि राज्य में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 41 है। जेएमएम गठबंधन के पास 47 विधायक हैं। ऐसे में राज्य में जेएमएम गठबंधन की सरकार बनने का रास्ता साफ है। सूत्रों के मुताबिक 28 दिसंबर को जेएमएम प्रमुख हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। वहीं कांग्रेस को डिप्टी सीएम का पद मिल सकता है।

हेमंत 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन में शामिल कांग्रेस पार्टी के नेता सुबोधकांत सहाय ने डिप्‍टी सीएम पद की मांग की है। हालांकि अभी इस पर जेएमएम या हेमंत सोरेन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

डिप्‍टी सीएम पद को लेकर सुबोधकांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। जिसके चलते कांग्रेस को डिप्टी सीएम का पद मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने बड़ी आशाओं से बहुमत दिया है। कैबिनेट में कांग्रेस की भूमिका पर बात करते हुए सुबोधकांत ने कहा कि मैं अभी बोल दूंगा तो पार्टी से निकाला जाऊंगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन पर बड़ी जिम्मेदारी रहेगी।

बता दें कि झारखंड के चुनावी नतीजों का रुझान आने के बाद सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को इस्तीफा सौंप दिया। वह शाम करीब 8 बजे राजभवन पहुंचे और उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा। इससे पहले, रघुवर दास ने ट्वीट कर कहा था कि झारखंड की जनता के जनादेश को नमन। झारखंड के विकास के लिए सदैव काम करता रहूंगा, यही मेरा संकल्प है। सभी मतदाताओं और कार्यकर्ता साथियों का आभार।

Back to top button