झटपट बनाये तिल सूजी की बर्फी, कीजिए सबका मुंह मीठा

कई बार खाने के बाद कुछ मीठा खाने का मन करता है। इसके लिए यूं तो आपके पास कई विकल्‍प होंगे। मगर आज हम आपको एक अलग तरह की बर्फी बताने जा रहे हैं। यह है तिल और सूजी की बर्फी। इसे बनाने में ज्‍यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती है। तिल गरम होता है, तो बदलते मौसम में आपकी सेहत के लिए भी अच्‍छा रहेगा और घर में बनी मिठाई से बाजार की मिलावट की खतरा भी नहीं होगा। तो चलिए बनाते हैं तिल और सूजी की बर्फी 

सामग्री 

  • तिल – 150 ग्राम
  • सूजी – 180 ग्राम
  • चीनी – 225 ग्राम
  • घी – 125 ग्राम
  • पिस्ता – 1 टेबल स्पून
  • बादाम – 1 टेबल स्पून
  • घी – 2 टेबल स्पून
  • इलायची पाउडर – 1 छोटी चम्मच

विधि 

तिल सूजी की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले तिल भून लीजिए। इसके लिए पैन गरम कीजिए। इसमें तिल डालकर लगातार चलाते हुए तब तक तिल को भूनिए जब उसका रंग हल्‍का सा बदलने लगे और वह हल्का सा फूलने लगे। भुने तिल को प्लेट में निकाल लीजिए।
अब कड़ाही में घी डालकर इसमें सूजी डाल दीजिए और सूजी को लगातार चलाते हुए धीमी से मध्‍यम आंच पर हल्की ब्राउन होने और अच्छी महक आने तक भून लीजिए। सूजी भुन जाने पर इसे भी प्लेट में निकाल लीजिए। पिस्तों को पतला-पतला काट लीजिए और बादाम को भी बारीक काटकर तैयार कर लीजिए।

चाशनी बनाएं 

पैन में चीनी और ⅓ कप पानी डालकर चीनी के पानी में घुलने के बाद 1 से 2 मिनिट तक पकाएं। जब चाशनी में से तार निकलने लगे तो समझ लीजिए चाशनी बनकर के तैयार है। गैस धीमी कर दीजिए और इसमें भूनकर रखी हुई सूजी और तिल डालकर अच्छे से मिक्स कीजिए।
इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए बादाम डालकर अच्छे से मिक्स कीजिए। फिर, गैस बंद कर दीजिए और मिश्रण को थोड़ा सा ठंडा होने दीजिए। एक थाली को थोड़े से घी से चिकना कीजिए। मिश्रण को थाली में डालकर फैलाइए और बारीक कटे हुए पिस्तों से इसे सजा दीजिए। बर्फी को ठंडा होने के लिए रख दीजिए। मिश्रण के जम जाने पर इसे चाकू की सहायता से अपने मनपसन्द आकार के टुकड़ों में काट लीजिए।

Back to top button