जुआ और सट्टे के खेल में फंसे युवा कारोबारी हो रहे ब्लैकमेल, हर रोज लगाये जा रहे लाखों के दाव

आगरा। खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में इन दिनों हर रोज जुआ और सट्टे का कारोबार फलफूल रहा है। कस्बे के कई कारोबारी इन शातिरों के जाल में फंस चुके हैं। इस खेल को खिलाने वाले शातिर अब कारोबारियों को ब्लैकमेल करना शुरु कर दिया है। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल भी बिछाया, लेकिन शातिर पुलिस की पकड़ से कोसों दूर है।
कोरोना संक्रमण की वजह से जनपद में पूर्णबंदी लागू हुई। इससे करोबार पूरी तरह से ठप हो गये। इसके बाद जुआ और सट्टा खिलाने वाले गिरोह सक्रिय हो गये और रातों रात लखपति बनाने का सपना दिखा कर इन युवा कारोबारियों को अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया।शातिरों ने पहले एक दो लाख रुपये के जुआ के दांव खिला कर जिताया। जीत के बाद कारोबारी को जब उनके जाल में फंस गये तो उन्हें हराने का काम शुरु कर दिया। खेल खिलाने वाले ही लोग फाइनेंसर बन जाते हैं।
लाखों के दाव हारने के बाद कारोबारियों को हारा हुआ रुपया देने का दबाव बनाया जाता है। उन व्यापारियों को सामाजिक छवि खराब करने की कह कर ब्लैकमेल किया जा रहा है। जुआरियों के लाखों के कर्ज में दबे व्यापारी इन दिनों तनाव में हैं। कस्बे में करीब 12 से अधिक जुआ सट्टे के फंड चल रहा हैं। पिछले दिनों भी एक सट्टे का विडियो वायरल हुआ था।
पुलिस का दावा हैै कि शातिरों को पकड़ने के पुलिस ने जाल बिछाया है, लेकिन कोई भी शातिर पुलिस के हाथ नहीं लग पा रहा है। सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि इन जुआं और सट्टेबाज गिरोह को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस गोरखधंधे मे लगे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी।





