जीत की खुशी में डूबे कप्तान Ishan Kishan; अभिषेक के लिए दिल खोलकर रखा

आईपीएल 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से शिकस्त देते हुए 8 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है।
243 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की सेना की शुरुआत खराब रही, लेकिन नितीश राणा और केएल राहुल के बीच 86 रन की अहम साझेदारी और समीर रिजवी के 41 रन की पारी ने टीम को काफी मदद दी, लेकिन विकेटों के गिरने का सिलसिला बरकरार रहा और देखते ही देखते दिल्ली की टीम 195 रन पर रुक गई, जिसके कारण अक्षर पटेल की टीम ने 47 रन से ये मैच गंवा दिया।
मैच में दिल्ली को हराने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के कप्तान ईशान किशन काफी खुश नजर आए। उन्होंने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान सारा क्रेडिट अभिषेक शर्मा को दिया, जिन्होंने मैच में 135 रन की नाबाद पारी खेलकर टीम को 242 रन का स्कोर खड़ा करने में मदद की थी।
जीत के बाद कप्तान Ishan Kishan ने क्या कहा?
दरअसल, दिल्ली को हराने के बाद सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के कप्तान ईशान किशन (Ishan Kishan) ने जीत का पूरी तरह क्रेडिट अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी पारी के बाद ज्यादा कहने को कुछ बचता ही नहीं।
SRH ने 242 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसमें अभिषेक ने 135 रनों की तूफानी पारी खेली। किशन ने कहा, “जिस तरह अभिषेक ने बल्लेबाजी की और हेनरिक क्लासेन ने फिनिश किया, उसके बाद कुछ कहने को नहीं बचता। पूरा क्रेडिट अभिषेक को जाता है।”
ईशान का मिशन
किशन ने टीम की सोच साफ करते हुए कहा कि हम बस हर मैच दर मैच आगे बढ़ने की सोचते हैं और ज्यादा प्लानिंग के बजाय हालात के हिसाब से खेलते है। इसलिए हम खुद को 2-3 गेंद देते हैं ताकि विकेट को समझ सकें, उछाल कैसी है यह जान सकें और फिर अपना नैचुरल गेम खेलें। हम ज्यादा प्लानिंग नहीं करते, बस गेंद देखो और खेलो।
गेंदबाजों ने भी दिलाई जीत
कप्तान ने हैदराबाद की जीत के बाद टीम के गेंदबाजों की भी तारीफ की, खासकर हर्ष दुबे की, जिन्होंने 2 ओवर में 3 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। वहीं ईशान मलिंगा ने 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम को पूरी तरह दबाव में डाल दिया।
मैच के बाद ईशान किशन ने हर्ष को देर से गेंदबाजी देने के फैसले पर कहा,
मैं रन और गेंद के अनुपात को जितना हो सके आगे ले जाना चाहता था। जब बल्लेबाज सिर्फ ताकत से मारने की कोशिश करते हैं, तो ऐसे विकेट पर यह आसान नहीं होता। मुझे पता है कि हर्ष दुबे स्मार्ट गेंदबाज हैं और अच्छे ओवर डाल सकते हैं। मैंने उनसे कहा था कि तुम्हें सबसे अहम ओवर फेंकने हैं। हमारी योजना थी कि जब सामने टीम के दो सबसे खतरनाक बल्लेबाज हों, तब अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों का इस्तेमाल करें और यह हमारे लिए अच्छा काम किया।
-ईशान किशन
वहीं, अपनी कप्तानी के अंदाज पर ईशान ने कहा, “मैं ज्यादा बोलने वाला कप्तान नहीं हूं, मैं सिर्फ इतना कहता हूं कि मैच का आनंद लो।”
बता दें कि इस जीत के साथ SRH ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में मजबूत पकड़ बना ली है।





